AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चीन सीमा को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि क्या भारतीय सेना उन सभी इलाकों में गश्त कर पा रही है जहां वह अप्रैल 2020 से पहले पेट्रोलिंग करती थी।
नई दिल्ली: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भारत-चीन संबंधों और पूर्वी लद्दाख सीमा स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार से पूछा है कि उसने चीन के साथ “कौन-सा समझौता” किया है और क्या भारतीय सेना अप्रैल 2020 से पहले की तरह वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के सभी इलाकों में गश्त कर पा रही है या नहीं।
ओवैसी के सवाल ऐसे समय में आए हैं जब संसद में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी है और कई विपक्षी सांसदों को निलंबित किया जा चुका है।
अगर चीन पाकिस्तान को हथियार दे रहा है, तो हमारी दोस्ती का क्या मतलब?
ओवैसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट में सरकार से सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि क्या भारत चीन को पाकिस्तान को सैन्य सहायता देने से रोक पाया है। उन्होंने लिखा, अगर नहीं, तो चीन के साथ हमारी तथाकथित दोस्ती का क्या मतलब है?” उनके अनुसार, भारत-चीन संबंधों का मूल्यांकन सिर्फ कूटनीतिक बयानों से नहीं, बल्कि जमीन पर वास्तविक स्थिति से किया जाना चाहिए।
AIMIM प्रमुख ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से स्पष्ट जवाब मांगा कि क्या भारतीय सेना उन सभी इलाकों में पेट्रोलिंग कर पा रही है, जहां वह अप्रैल 2020 से पहले करती थी। उन्होंने कहा, “अगर नहीं, तो क्यों नहीं? ये बफर जोन कब तक बने रहेंगे? ओवैसी का आरोप है कि सरकार ने बफर जोन तय करते समय चीन की LAC की धारणा को ही आधार बना लिया, जो भारत के रणनीतिक हितों के लिए नुकसानदेह है।
![]()
लद्दाख में चीनी बुनियादी ढांचे पर चिंता
एक अंतरराष्ट्रीय पत्रिका की रिपोर्ट का हवाला देते हुए ओवैसी ने दावा किया कि 2020 के बाद से लद्दाख में चीन का सैन्य और बुनियादी ढांचा विकास दोगुना हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने पूछा कि सरकार ने भारतीय सेना पर गोलीबारी को लेकर इतने कड़े प्रतिबंध क्यों लगाए हैं। उनके मुताबिक, इससे चीन को मनोवैज्ञानिक और रणनीतिक बढ़त मिल रही है।
ओवैसी ने कहा कि सरकार को देशहित में कठोर फैसले लेने चाहिए, न कि चीन के दबाव में झुकना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि संसद सुचारु रूप से चले, ताकि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से सवाल कर सके और देश को सच्चाई पता चल सके।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब लोकसभा में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। हाल ही में “अशोभनीय व्यवहार” के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया। यह विवाद तब और बढ़ा जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी को 2020 के भारत-चीन संघर्ष से जुड़े एक लेख का हवाला देने की अनुमति नहीं दी गई।










