वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल, जयसिंहनगर में करंट लगने से बाघ-बाघिन की हत्या

शहडोल के जयसिंहनगर वन क्षेत्र में करंट से बाघ-बाघिन की हत्या के मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार हुए। वन विभाग की लापरवाही पर सवाल, जिम्मेदार अफसरों पर सिर्फ नोटिस।

जयसिंहनगर वन क्षेत्र में करंट से बाघ-बाघिन की मौत के मामले में 7 आरोपी पकड़े गए हैं। तार और अन्य सामान जब्त हुआ है। वन अधिकारियों की लापरवाही पर सिर्फ नोटिस देकर खानापूर्ति की गई है।

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में करंट लगाकर बाघ और बाघिन की हत्या का मामला सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआत में इस घटना को हादसा मानकर विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन मंगलवार को अचानक सक्रिय होकर कार्रवाई की गई।

वन विभाग ने खोजी डॉग ‘जिनी’ की मदद से इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से करंट लगाने में इस्तेमाल किया गया तार, खूंटियां और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। इसके बावजूद यह सवाल बना हुआ है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद विभागीय जिम्मेदारों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

48 से 72 घंटे पहले हो चुकी थी बाघ-बाघिन की मौत

उत्तर वनमंडल की डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि वनचाचर बीट के राजस्व क्षेत्र करपा में बाघ और बाघिन के शव मिले थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों की मौत 48 से 72 घंटे पहले हो चुकी थी।

बाघ और बाघिन के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इस मामले में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से 7 को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सरमन यादव, मोरनलाल, राजेश यादव, रामभगत यादव, मातादीन यादव, जमुना गोंड़ (66) और रामचरण गोंड शामिल हैं।

जिम्मेदार अफसरों पर सिर्फ नोटिस

वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल, जयसिंहनगर में करंट लगने से बाघ-बाघिन की हत्या

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर उठ रहा है। जिस क्षेत्र में बाघ जैसे संरक्षित वन्य प्राणी मौजूद थे, वहां करंट लगाकर शिकार किया गया, लेकिन विभाग को समय रहते इसकी भनक तक नहीं लगी।

आरोप है कि निगरानी में चूक के बावजूद रेंज ऑफिसर और बीटगार्ड को सिर्फ नोटिस देकर मामला निपटा दिया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी घटनाएं तब तक नहीं रुकेंगी, जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी।

जिम्मेदारी तय करने की मांग

मामले की जांच के लिए सीसीएफ जबलपुर की अध्यक्षता में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। टीम पूरे मामले की जांच करेगी और रिपोर्ट सौंपेगी। वन्यजीव विशेषज्ञों और पर्यावरण से जुड़े संगठनों का कहना है कि बाघ, तेंदुआ और हाथी जैसे संरक्षित वन्य प्राणियों की अप्राकृतिक मौतों पर सीधे तौर पर वन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। जब तक सीसीएफ और डीएफओ स्तर के अधिकारियों को कार्रवाई के दायरे में नहीं लाया जाएगा, तब तक ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल है।

इसके साथ ही केंद्र सरकार से मांग की गई है कि मध्यप्रदेश में अब तक हुए सभी वन्य प्राणी शिकार मामलों की विशेष ऑडिट करवाई जाए और चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की भूमिका और जिम्मेदारी भी तय की जाए। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में SIT की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होने की उम्मीद है।

Leave a comment