पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम विवाद पर पीएम मोदी ने टीएमसी पर हमला बोला। कार्यक्रम की जगह बदलने और ममता बनर्जी की गैरमौजूदगी पर राष्ट्रपति की नाराजगी पर मोदी ने संवैधानिक गरिमा का उल्लंघन बताया।
New Delhi: पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम को लेकर राजनीति गर्मा गई है। राष्ट्रपति मुर्मू संथाली समुदाय के इंटरनेशनल कॉन्क्लेव में शामिल होने आई थीं, लेकिन कार्यक्रम की जगह बदलने और राज्य सरकार के किसी भी मंत्री की गैरमौजूदगी को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रपति की बेइज्जती देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद की गरिमा का अपमान है। पीएम मोदी ने कहा कि देश और नारी शक्ति इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगी।
कार्यक्रम की जगह बदलने से राष्ट्रपति ने जताई नाराजगी
राष्ट्रपति मुर्मू को शनिवार को आदिवासी समुदाय के सम्मेलन में शामिल होना था, जो मूल रूप से बिधानगर में आयोजित होना था। सुरक्षा और भीड़ के कारण इसे बागडोगरा एयरपोर्ट के पास गोशाईपुर में शिफ्ट कर दिया गया। इस बदलाव से राष्ट्रपति ने दुख व्यक्त किया कि इस कारण वहां के लोग सम्मेलन में शामिल नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने शायद सोचा होगा कि कोई भी वहां नहीं आएगा। संथाल समुदाय के लोगों से संबोधन करते हुए मुर्मू ने कहा कि यह निर्णय उनके लिए भी कठिन था और इसे लेकर उन्हें अफसोस है।
राष्ट्रपति ने ममता बनर्जी को अपनी बहन बताया

राष्ट्रपति मुर्मू ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि उन्होंने ममता बनर्जी को अपनी छोटी बहन की तरह माना। उन्होंने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री उनसे नाराज हैं। आमतौर पर जब राष्ट्रपति किसी राज्य में आते हैं, तो मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री कार्यक्रम में शामिल होते हैं, लेकिन इस बार ममता बनर्जी की गैरमौजूदगी ने सवाल खड़े कर दिए। मुर्मू ने कहा कि शायद यही वजह रही कि कार्यक्रम इतनी दूर कर दिया गया, लेकिन इसके बावजूद उनका स्वागत होना चाहिए था।
पीएम मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रपति की बेइज्जती राज्य और देश के संवैधानिक मूल्य का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि संवैधानिक गरिमा का प्रश्न है। पीएम ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किसी भी हालत में सहन नहीं किया जाएगा और देश की नारी शक्ति इसे माफ नहीं करेगी।
ममता बनर्जी का पलटवार
ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर उठी विवादों का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी ने राष्ट्रपति का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया। उन्होंने कोलकाता में कहा कि बीजेपी इतना नीचे गिर गई है कि राष्ट्रपति का नाम लेकर राज्य की सियासत में राजनीतिक लाभ उठाया जा रहा है। ममता ने साफ किया कि उनके लिए कार्यक्रम में शामिल होना संभव नहीं था, खासकर विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा और लॉजिस्टिक कारणों से।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक दस्तावेज भी साझा किया, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा है कि कार्यक्रम का स्थान और समय प्रशासनिक और सुरक्षा कारणों से तय किया गया था और इसकी जानकारी राष्ट्रपति कार्यालय को दी गई थी।











