भारत और न्यूजीलैंड के FTA में डेयरी सेक्टर पूरी तरह सुरक्षित रखा गया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कोई ड्यूटी-फ्री एक्सेस नहीं दी जाएगी, ताकि किसानों और घरेलू उत्पादकों के हितों की रक्षा हो सके।
Piyush Goyal: भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में हुए द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते (FTA) में डेयरी सेक्टर को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि भारत कभी भी अपने डेयरी उत्पादकों के हितों के खिलाफ समझौता नहीं करेगा। यह क्षेत्र भारत के लिए ‘रेड लाइन’ है और इसमें कोई ड्यूटी-फ्री एक्सेस नहीं दी गई है।
FTA का उद्देश्य और मुख्य लाभ
भारत-न्यूजीलैंड FTA के तहत दोनों देशों ने व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई सेक्टरों में सहयोग का ऐलान किया है। भारत को न्यूजीलैंड के बाजार में ड्यूटी-फ्री एक्सेस मिलेगी, जबकि न्यूजीलैंड को 95 प्रतिशत उत्पादों पर टैरिफ घटाने या हटाने का लाभ मिलेगा। इस समझौते का उद्देश्य रोजगार सृजन, skill development और निवेश आधारित विकास को तेज करना है। इसके साथ ही छोटे और मध्यम उद्यमों (MSMEs) की भागीदारी बढ़ाई जाएगी और कृषि उत्पादकता में नवाचार (innovation) को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पीयूष गोयल ने बताया कि यह FTA व्यापार को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों, उद्यमियों, छात्रों, महिलाओं और नवप्रवर्तकों के लिए नए अवसर पैदा करेगा। इससे कृषि उत्पादकता में सुधार और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
डेयरी और कृषि उत्पादों पर सीमित एक्सेस
FTA में डेयरी सेक्टर के अलावा कुछ संवेदनशील कृषि उत्पादों को भी सीमित रखा गया है। इसमें डेयरी, कॉफी, दूध, क्रीम, पनीर, दही, व्हे, केसिन, प्याज, चीनी, मसाले, खाने का तेल और रबर शामिल हैं। इन उत्पादों पर किसी भी तरह का ड्यूटी-फ्री एक्सेस नहीं दिया गया है।
हालांकि, सेब, कीवी और शहद जैसे कुछ उत्पादों के लिए उत्पादकता केंद्रों के जरिए साझेदारी की गई है। इसमें सीमित बाजार पहुंच, न्यूनतम आयात कीमतें और कोटा लागू किए गए हैं, ताकि घरेलू उत्पादकों को सुरक्षा मिले और ज्ञान (knowledge) का आदान-प्रदान भी हो सके।
भारत ने डेयरी आयात पर हमेशा अपनाया सख्त रुख
भारत लंबे समय से अपने डेयरी सेक्टर को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने के लिए सख्त रुख अपनाता रहा है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने पहले भी व्यापार समझौतों में थोक डेयरी आयात पर सीमाएं रखीं। डेयरी सेक्टर राजनीतिक और आर्थिक रूप से संवेदनशील माना जाता है क्योंकि इसमें लाखों छोटे किसान काम करते हैं और उनकी आजीविका सीधे इस क्षेत्र पर निर्भर है।
न्यूजीलैंड दुनिया के सबसे बड़े डेयरी निर्यातक देशों में शामिल है, जबकि भारत दुनिया के सबसे बड़े दूध उत्पादक देशों में से एक है। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच डेयरी व्यापार फिलहाल सीमित है। वित्त वर्ष 2024-25 में न्यूजीलैंड से भारत में डेयरी उत्पादों का कुल आयात करीब 1.07 मिलियन डॉलर रहा। इसमें दूध और क्रीम का आयात 0.40 मिलियन डॉलर, नेचुरल हनी 0.32 मिलियन डॉलर, मोज़रेला चीज 0.18 मिलियन डॉलर, मक्खन 0.09 मिलियन डॉलर और स्किम्ड मिल्क 0.08 मिलियन डॉलर रहा।
समझौते का ऐतिहासिक महत्व
भारत और न्यूजीलैंड के बीच औपचारिक FTA वार्ता 16 मार्च 2025 को शुरू हुई थी। इसके बाद पांच दौर की बातचीत के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया गया। दोनों देशों ने यह सुनिश्चित किया कि संवेदनशील सेक्टरों की सुरक्षा बनी रहे और व्यापार एवं निवेश आधारित विकास को बढ़ावा मिले।
FTA के माध्यम से भारतीय MSMEs, स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को न्यूजीलैंड में नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, लंबी अवधि में आर्थिक स्थिरता को मजबूत करने के लिए नवाचार और skill development पर जोर दिया जाएगा।










