पंजाब में आम आदमी पार्टी की बड़ी बैठक होने जा रही है, जिसमें 1000 ऑब्जर्वर और सभी विधायक शामिल होंगे. इस बैठक का नेतृत्व सीएम भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया करेंगे.
Punjab Politics: पंजाब की सियासत में इन दिनों आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के भीतर तेजी से बदलते हालात ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। हाल ही में पार्टी के कुछ सांसदों के कथित रूप से अलग रुख अपनाने और भाजपा से जुड़ने की खबरों के बाद संगठन के भीतर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगठन को मजबूत करने और विधायकों की एकजुटता बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
जालंधर में बड़ी संगठनात्मक बैठक
![]()
पार्टी की स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार, 29 अप्रैल को जालंधर में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में लगभग 1000 ऑब्जर्वर और सभी विधायक शामिल होंगे। इस बैठक का नेतृत्व मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया करेंगे। पार्टी का मुख्य फोकस संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
पंजाब में AAP सरकार के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती संगठन को एकजुट रखना है। हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद पार्टी नेतृत्व यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि किसी भी तरह की अंदरूनी अस्थिरता का असर सरकार के कामकाज पर न पड़े। सूत्रों के अनुसार, पार्टी अब अपने विधायकों और नेताओं के बीच संवाद को और मजबूत करने पर ध्यान दे रही है ताकि किसी भी प्रकार की असहमति या टूट की स्थिति को रोका जा सके।
डैमेज कंट्रोल में जुटी पार्टी नेतृत्व
पार्टी के भीतर मचे राजनीतिक हलचल के बाद अब डैमेज कंट्रोल की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है। इसमें संजय सिंह और मनीष सिसोदिया जैसे प्रमुख नेताओं की भूमिका को अहम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने अपने विधायकों और सांसदों को निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध या राजनीतिक संपर्क को रिकॉर्ड करें और तुरंत वरिष्ठ नेतृत्व को सूचित करें। यह कदम संगठन में पारदर्शिता और नियंत्रण बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
पार्टी के भीतर हालिया घटनाक्रमों के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। राज्यसभा से जुड़े बदलावों और कुछ नेताओं के बयानों ने राजनीतिक हलचल को और बढ़ा दिया है। पूर्व में पार्टी नेता राघव चड्ढा द्वारा दिए गए एक बयान में “कुछ बड़ा होने” की संभावना का संकेत दिया गया था, जिसे अब पार्टी नेतृत्व गंभीरता से ले रहा है।












