पंजाब में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा सीएम भगवंत मान की बीमारी के कारण नहीं हो सका। आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सुल्तानपुर लोधी का दौरा कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
चंडीगढ़: पंजाब में बाढ़ ने कई जिलों में हाहाकार मचा रखा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे थे, लेकिन गुरुवार को उन्हें वायरल बुखार हो गया। इस कारण वह दौरा नहीं कर पाए। ऐसे में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने स्थिति संभाली और सीधे सुल्तानपुर लोधी का दौरा किया।
केजरीवाल ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उनके साथ आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा भी मौजूद रहे।
केजरीवाल ने की बाढ़ में फंसे लोगो से मुलाकात
सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने के बाद केजरीवाल ने कहा, “यह संकट बहुत बड़ा है, लेकिन उससे भी बड़ी है पंजाबियों की हिम्मत और एक-दूसरे की मदद करने की भावना। यही जज्बा हमें इस आपदा से जल्द बाहर निकालेगा।”
उन्होंने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर परिवार के साथ खड़ी है और उनकी हर आवश्यक जरूरत को पूरा करने का प्रयास कर रही है। केजरीवाल का यह दौरा ऐसे समय हुआ जब विपक्ष और कुछ सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि मान सरकार ने बाढ़ संकट को समय पर संभालने में देरी की और प्रभावित लोगों की मदद करने में नाकामी दिखी।
केजरीवाल ने किया बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा
केजरीवाल ने सुल्तानपुर लोधी में पानी से घिरे इलाकों का दौरा किया। उन्होंने प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक की और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आपदा की गंभीरता के बावजूद स्थानीय लोग एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं, जो इस चुनौती से बाहर आने की सबसे बड़ी ताकत है।
शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अमृतसर और गुरदासपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने अमृतसर के घोनवाल गांव में खुद पानी में उतरकर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
किसानों से सीधे बातचीत करते हुए चौहान ने कहा, “यह बड़ी आपदा है। मेरे पैरों के नीचे मिट्टी नहीं बल्कि गाद महसूस हो रही है। फसल पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और अगली फसल भी खतरे में है। लेकिन पंजाब अकेला नहीं है, पूरा देश और केंद्र सरकार किसानों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने भरोसा दिया कि केंद्र सरकार हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी।
राज्य और केंद्र सरकार राहत कार्य कर रही
पंजाब में बाढ़ प्रभावितों के लिए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावितों को भोजन, दवा और सुरक्षित आवास की तुरंत व्यवस्था की जा रही है।
साथ ही प्रशासन ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों में पुलिस और बचाव दल तैनात किए हैं ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।