प्रयागराज - नए साल के जश्न के दौरान प्रयागराज जंक्शन और आसपास की भीड़भाड़ वाली जगहों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 86 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध पिट्ठू बैग के साथ घूम रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्मार्टफोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल में 19 आईफोन, दो सैमसंग फोल्ड सहित अन्य महंगे ब्रांड के फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के साहिबगंज जिले के निवासी आकाश महतो और भोला कुमार राय के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नए साल के मौके पर भारी भीड़ का फायदा उठाकर स्टेशन, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थानों से मोबाइल फोन चोरी करते थे। दोनों के खिलाफ वाराणसी और प्रयागराज में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जीआरपी प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को अब तक की बड़ी बरामदगी में से एक बताया जा रहा है। सफल अभियान के लिए पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा भी की गई है।











