एयर फोर्स के वाइस चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एबीपी न्यूज के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल या किसी अन्य परमाणु ठिकाने पर हमला नहीं किया था।
नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के वाइस चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल या किसी अन्य परमाणु ठिकाने पर हमला नहीं किया गया। एयर मार्शल कपूर ने कहा कि भारतीय वायुसेना की कार्रवाई सिर्फ पाकिस्तान के आतंकी ढांचे और सैन्य ठिकानों तक सीमित थी और किसी भी तरह के परमाणु ठिकानों को निशाना नहीं बनाया गया।
पाकिस्तान की ओर से दुष्प्रचार की आशंका
एयर मार्शल कपूर ने यह भी संकेत दिए कि पाकिस्तान में फैली परमाणु ठिकानों पर हमले की खबरें या तो उग्रवादी संगठनों की ओर से फैलाई गई होंगी या फिर यह पाकिस्तान की इंफो वॉरफेयर रणनीति का हिस्सा हो सकती हैं। उन्होंने कहा, भारत का संदेश स्पष्ट है—आतंकवाद किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर आतंकी हमले का भारत मुंहतोड़ जवाब देगा।
वाइस चीफ ने यह भी स्पष्ट किया कि हाल ही में की गई ‘सुदर्शन चक्र’ एक्सरसाइज कोई सामान्य सैन्य अभ्यास नहीं थी, बल्कि यह भारतीय वायुशक्ति का प्रदर्शन (Demonstration) थी। उन्होंने कहा, यह सिर्फ अभ्यास नहीं बल्कि हमारी ताकत और ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन है। लंबी दूरी की टार्गेटिंग क्षमता को सार्वजनिक मंच पर पूरी तरह से दिखाना संभव नहीं है।

जैसलमेर में 27 फरवरी को ‘वायुशक्ति’ युद्धाभ्यास
एयर मार्शल कपूर ने बताया कि इस महीने 27 फरवरी 2026 को राजस्थान के जैसलमेर में वायुसेना की प्रमुख ‘वायुशक्ति’ एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। यह युद्धाभ्यास हर दो साल में एक बार आयोजित किया जाता है, जिसमें वायुसेना अपनी फायर-पावर और ऑपरेशनल क्षमता का प्रदर्शन करती है। वाइस चीफ ने इस संबंध में ‘कर्टन रेजर’ प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी और युद्धाभ्यास का टीज़र वीडियो भी जारी किया।
इस बार के ‘वायुशक्ति’ युद्धाभ्यास में कुल 277 हथियार और लगभग 12,000 किलो विस्फोटक सामग्री (बारूद) का इस्तेमाल किया जाएगा। एक्सरसाइज में कुल 77 फ्रंटलाइन फाइटर जेट, 43 हेलीकॉप्टर और 8 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे। एयर मार्शल कपूर ने कहा कि यह अभ्यास वायुसेना की तैयारी और तेज गति से कार्रवाई करने की क्षमता को दर्शाता है।
एयर मार्शल नागेश कपूर ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य केवल पाकिस्तान के आतंकी ढांचे और सैन्य ठिकानों पर सटीक कार्रवाई करना था। ऑपरेशन का मकसद भारत की सुरक्षा को मजबूत करना और आतंकवादी गतिविधियों को रोकना था। उन्होंने कहा कि वायुसेना लगातार अपने ऑपरेशनल प्रोफिशिएंसी और तैयारी को उन्नत कर रही है।










