पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने विधायक चेतन आनंद के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में शुरू की गई हड़ताल जनहित में स्थगित कर दी। RDA ने कहा कि अधिकांश मांगों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है और प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। डॉक्टरों ने भरोसा जताया कि प्रशासन वादों को पूरा करेगा।
Bihar News: पटना एम्स के रेजिडेंट डॉक्टरों ने शिवहर विधायक चेतन आनंद के कथित दुर्व्यवहार के विरोध में 10 दिन से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को मंगलवार को स्थगित कर दिया। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने जनहित और नैतिक जिम्मेदारी का हवाला देते हुए यह फैसला लिया। संगठन ने कहा कि अधिकांश मांगों पर प्रशासन की ओर से सकारात्मक कार्रवाई हुई है। विधायक और उनके सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटे हैं और भविष्य में भी एकजुट बने रहेंगे।
जनहित में लिया गया फैसला
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि यह फैसला व्यापक जनहित और मरीजों की देखभाल के प्रति नैतिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि हड़ताल स्थगित करने का मतलब यह नहीं है कि डॉक्टर अपनी मांगों से पीछे हटे हैं, बल्कि यह एक जिम्मेदार और सकारात्मक कदम है। आरडीए ने कहा कि संगठन सतर्क और एकजुट है और भरोसा है कि प्रशासन अपने वादों को पूरा करेगा।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद फैसला
RDA ने बताया कि विधायक चेतन आनंद और उनके सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित मारपीट को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संगठन का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों को प्रशासन ने स्वीकार किया है और उन पर कार्यवाही की जा रही है। बयान में कहा गया कि हड़ताल स्थगित करना सद्भावना का प्रतीक है, लेकिन भविष्य में किसी भी स्थिति में डॉक्टर एकजुट रहेंगे।
मामला क्या था?
एम्स-पटना में शिवहर विधायक चेतन आनंद की कथित मनमानी के विरोध में डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की थी। RDA ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर चेतन आनंद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी और साथ ही अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की अपील की थी। आरोप था कि चिकित्सकों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। विधायक चेतन आनंद अपनी पत्नी के साथ एक परिचित को देखने पहुंचे थे, जहां यह विवाद हुआ। मामले में दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।