Columbus

Punjab Flood: बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए हरियाणा ने दिया 5 करोड़ का सहारा, मदद के लिए भेजी 700 ट्रक राहत सामग्री

Punjab Flood: बाढ़ प्रभावित पंजाब के लिए हरियाणा ने दिया 5 करोड़ का सहारा, मदद के लिए भेजी 700 ट्रक राहत सामग्री

हरियाणा ने जल विवाद भुलाकर बाढ़ प्रभावित पंजाब की मदद की। सीएम नायब सिंह सैनी ने 5 करोड़ की आर्थिक सहायता और 700 ट्रक राहत सामग्री भेजी। 

Punjab Flood: प्राकृतिक आपदाओं के समय यह साफ हो जाता है कि असली पड़ोसी कौन है। हाल ही में आई बाढ़ ने पंजाब और हरियाणा दोनों को गहरे जख्म दिए, लेकिन हरियाणा ने भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए जल विवाद को दरकिनार कर पंजाब की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

हरियाणा में तबाही

इस बार हरियाणा में औसत से 46 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। नदियों और पहाड़ी इलाकों से आए पानी ने लगभग साढ़े पांच हजार गांवों को प्रभावित किया। सैकड़ों घर टूट गए और करीब पांच लाख किसानों ने अपनी 30 लाख एकड़ फसल बर्बाद होने की सूचना दी। खेतों की हालत यह है कि अभी नई फसल बोना भी मुश्किल है।

पंजाब के लिए हरियाणा का सहारा

इतनी तबाही झेलने के बाद भी हरियाणा ने सिर्फ खुद को संभालने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने पड़ोसी पंजाब की मदद करने का बड़ा कदम उठाया। पंजाब में आई बाढ़ ने करीब 13 हजार करोड़ का नुकसान पहुंचाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1600 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया, लेकिन राज्य की जरूरतें उससे कहीं अधिक हैं। ऐसे समय में हरियाणा का आगे आना न सिर्फ सराहनीय है, बल्कि पूरे देश के लिए मिसाल है।

जल विवाद के बीच भी भाईचारे का संदेश

हरियाणा और पंजाब के बीच लंबे समय से जल विवाद, एसवाईएल नहर का मुद्दा और अलग हाई कोर्ट व राजधानी जैसे विवाद हैं। इन सबके बावजूद हरियाणा ने विवाद को किनारे रखकर पंजाब के लोगों की मदद को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर साफ कहा कि संकट की इस घड़ी में हरियाणा उनके साथ खड़ा है।

आर्थिक मदद के लिए राहत सामग्री

हरियाणा सरकार ने बिना मांगे पंजाब को 5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भेजी। इसके साथ ही अब तक 700 ट्रक राहत सामग्री पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों में पहुंचाई गई है। इन ट्रकों में भोजन सामग्री, कपड़े, दवाइयां, तिरपाल, कंबल और दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। भाजपा के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने मिलकर इन सामग्रियों को जुटाने में बड़ी भूमिका निभाई।

हिमाचल और जम्मू-कश्मीर को भी सहायता

हरियाणा ने सिर्फ पंजाब की ही मदद नहीं की, बल्कि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर को भी पांच-पांच करोड़ रुपये की सहायता भेजी। मुख्यमंत्री सैनी लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं और प्रभावित लोगों से मिलकर उन्हें मदद का भरोसा दिला रहे हैं।

भाजपा पूरे देश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मना रही है। इस दौरान बाढ़ प्रभावितों की मदद और स्वच्छता अभियान दोनों को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों से जलभराव हटाने के लिए मोटर और पंपसेट लगाए जा रहे हैं, ताकि जिंदगी फिर से पटरी पर लौट सके।

Leave a comment