Columbus

पुतिन-जेलेंस्की शांति वार्ता की तैयारी: यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की बड़ी पहल, बोले- 'जल्द तय करेंगे स्थान'

पुतिन-जेलेंस्की शांति वार्ता की तैयारी: यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की बड़ी पहल, बोले- 'जल्द तय करेंगे स्थान'

रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ी पहल की है। लगातार तीन साल से जारी इस युद्ध में अब शांति की किरण नजर आ रही है। 

World News: दुनियाभर की नज़र इस समय अमेरिका, रूस और यूक्रेन पर टिकी हुई है। दरअसल, तीन साल से जारी रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सक्रिय पहल शुरू की है। इसी कड़ी में उन्होंने पहले अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की और उसके बाद सोमवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक की। 

इस अहम बैठक के बाद ट्रंप ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह जानकारी व्हाइट हाउस में यूरोपीय नेताओं और जेलेंस्की के साथ हुई बैठक के बाद साझा की।

जल्द तय होगा शांति वार्ता का स्थान

व्हाइट हाउस में यूरोपीय नेताओं और जेलेंस्की के साथ हुई बातचीत के बाद ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पुतिन से फोन पर बात की है और अब दोनों नेताओं की सीधी बैठक आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। बैठक के लिए स्थान अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन बहुत जल्द हम इसके लिए जगह का चयन करेंगे, – ट्रंप ने कहा।

उन्होंने आगे कहा कि इस मुलाकात के बाद वह स्वयं पुतिन और जेलेंस्की के साथ एक त्रिपक्षीय शिखर सम्मेलन भी आयोजित करेंगे। इस घोषणा के बाद दुनिया भर की निगाहें अमेरिका, रूस और यूक्रेन पर टिक गई हैं।

ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट

ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर लिखा कि रूस-यूक्रेन में शांति की संभावना को लेकर दुनियाभर में उत्साह है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बातचीत से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पुतिन भी जेलेंस्की से मुलाकात करने के लिए सहमत हो गए हैं। यह संकेत इस बात का प्रमाण है कि अब दोनों पक्ष युद्ध से ज्यादा कूटनीति की ओर बढ़ रहे हैं।

इस संभावित शांति समझौते के तहत ट्रंप ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने की चर्चा भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें यूरोपीय देश मुख्य भूमिका निभाएंगे और अमेरिका के साथ समन्वय करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि रूस अब भी यूक्रेन को नाटो (NATO) में शामिल करने के खिलाफ है, लेकिन पश्चिमी देशों से मिलने वाली सुरक्षा गारंटी को स्वीकार कर सकता है।

यह प्रस्ताव शांति समझौते का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है, क्योंकि यूक्रेन लंबे समय से अपनी सीमाओं और संप्रभुता की रक्षा के लिए ठोस सुरक्षा आश्वासन चाहता रहा है।

जेलेंस्की ने बताया अब तक की सबसे अच्छी बातचीत

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात के बाद इसे अब तक की सबसे सकारात्मक बातचीत बताया। हमारी राष्ट्रपति ट्रंप से बहुत अच्छी बातचीत हुई। यह अब तक की सबसे बेहतरीन बैठक थी। हालांकि, शायद भविष्य में और भी बेहतर बातचीत हो सकती है। – जेलेंस्की ने कहा। उन्होंने आगे बताया कि बैठक में सुरक्षा गारंटी और युद्ध खत्म करने की शर्तों पर गहन चर्चा हुई।

गौरतलब है कि बैठक से ठीक पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि जेलेंस्की युद्ध तुरंत खत्म कर सकते हैं, बशर्ते वह समझौते के लिए तैयार हों। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि क्रीमिया यूक्रेन को वापस नहीं मिलेगा और न ही यूक्रेन को नाटो में शामिल किया जाएगा। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं, – ट्रंप ने लिखा। ट्रंप के इस बयान ने स्पष्ट कर दिया कि शांति समझौते का आधार यथार्थवादी होगा और यूक्रेन को कुछ कठिन फैसले लेने पड़ सकते हैं।

Leave a comment