सुल्तानपुर के धेसरुआ गांव के रहने वाले मोची रामचेत का मंगलवार सुबह बीमारी के चलते निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर और टीबी से पीड़ित थे। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी की सुल्तानपुर यात्रा के दौरान रामचेत से उनकी खास मुलाकात हुई थी। उस समय राहुल ने उनके काम की सराहना करते हुए उन्हें नई सिलाई मशीन और जरूरी सामान दिलवाया था, ताकि वह अपना रोजगार जारी रख सकें। रामचेत ने अपनी कला से प्रभावित होकर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के लिए खुद हाथों से जूते भी बनाए थे।
राहुल गांधी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पार्टी उनकी परिवार की मदद करती रहेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।









