राजस्थान की राजनीति में एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक भैराराम सियोल ने खुले मंच से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक हनुमान बेनीवाल की जमकर तारीफ की और उन्हें अपना आदर्श बताया।
जयपुर: राजस्थान के दो धुरंधर नेताओं के बीच गजब का याराना देखने को मिला। भले ही वे अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों से ताल्लुक रखते हों, लेकिन उनकी दोस्ती वर्षों पुरानी और बेहद गहरी है। ये नेता हैं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल और भाजपा विधायक भैराराम सियोल। राजनीति में अलग राह होने के बावजूद दोनों के रिश्तों में कभी दूरी नहीं आई।
रविवार को भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप के विवाह समारोह में हनुमान बेनीवाल की मौजूदगी ने उनकी दोस्ती के कई पुराने किस्सों को एक बार फिर ताजा कर दिया। यह पूरा घटनाक्रम रविवार को सामने आया, जब भैराराम सियोल के बेटे आकाशदीप सियोल के विवाह समारोह में हनुमान बेनीवाल शामिल होने पहुंचे।
इस मौके पर दोनों नेताओं के बीच वर्षों पुरानी दोस्ती के किस्से फिर से चर्चा में आ गए। अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े होने के बावजूद, दोनों नेताओं के निजी और पारिवारिक संबंध हमेशा मजबूत रहे हैं।
भैराराम सियोल बोले- हनुमान बेनीवाल मेरे बड़े भाई और आदर्श
विवाह समारोह के दौरान भैराराम सियोल ने सार्वजनिक रूप से कहा कि हनुमान बेनीवाल उनके बड़े भाई हैं और वे उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन के हर सुख-दुख में बेनीवाल उनके साथ खड़े रहे हैं। सियोल ने बेनीवाल की राजनीति की भी सराहना करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे बिना किसी स्वार्थ और लाग-लपेट के राजनीति करते हैं। यहां तक कि वे अपने विरोधियों को भी कभी गलत सलाह नहीं देते। इस बयान को राजनीतिक शिष्टाचार से कहीं आगे का संदेश माना जा रहा है।
भैराराम सियोल का एक बयान सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा, जिसमें उन्होंने RLP से संभावित रिश्ते के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि राजनीति में विचारधाराएं अलग हो सकती हैं। उनके परिवार के कांग्रेस और भाजपा दोनों से संबंध रहे हैं, लेकिन हनुमान बेनीवाल से उनका रिश्ता पूरी तरह व्यक्तिगत और पारिवारिक है।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि हो सकता है आने वाले समय में उनके बेटे या पोते-पोतियां राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से भी जुड़ जाएं। इस बयान पर वहां मौजूद लोगों की हंसी छूट पड़ी, वहीं कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया कि अगले चुनाव में सियोल को RLP से चुनाव लड़ना चाहिए। हालांकि, इस पर सियोल ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया और मुस्कुरा कर बात टाल दी।
![]()
हनुमान बेनीवाल ने भी साझा किए पुराने किस्से
हनुमान बेनीवाल ने भी मंच से अपनी और सियोल की दोस्ती के कई पुराने किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि जब उनके और तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच मतभेद थे, तब भी वे भैराराम सियोल के घर आते थे। बेनीवाल ने हंसी-मजाक में कहा कि एक बार सियोल ने वसुंधरा राजे को सोने की ‘आड़’ पहनाई थी, जबकि उन्हें सिर्फ अंगूठी दी गई। इस पर सियोल ने जवाब दिया कि अगर बेनीवाल की बहन कनिका बेनीवाल समारोह में आतीं, तो उनके लिए भी आड़ तैयार रखी थी।
हनुमान बेनीवाल ने यह भी कहा कि ओसियां की जनता का प्यार ही भैराराम सियोल की सबसे बड़ी ताकत है। यही वजह है कि उन्होंने मदेरणा परिवार जैसे राजनीतिक रूप से मजबूत परिवार को चुनाव में हराया।
कौन हैं भैराराम सियोल?
भैराराम सियोल जोधपुर जिले के मांडियाई खुर्द गांव के निवासी हैं और किसान परिवार से आते हैं। वे एक उद्यमी होने के साथ-साथ अनुभवी राजनेता भी हैं।
- वे ओसियां से दो बार विधायक रह चुके हैं।
- पहली बार 2013 में विधायक बने।
- 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दिव्या मदेरणा को हराया।
- उनकी पत्नी मोहिनी देवी जिला परिषद की सदस्य रह चुकी हैं।
भैराराम सियोल के इस बयान को केवल पारिवारिक सौहार्द तक सीमित नहीं माना जा रहा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह राजस्थान में भविष्य के राजनीतिक गठजोड़ या समीकरणों की ओर इशारा हो सकता है। खासकर ऐसे समय में, जब क्षेत्रीय दल और बड़े राष्ट्रीय दल नए समीकरण तलाश रहे हैं।











