Rajasthan BSTC Exam 2026 आज आयोजित, दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

Rajasthan Pre DElEd Exam 2026 आज दो शिफ्ट में होगी। VMOU ने एडमिट कार्ड, एग्जाम टाइमिंग और जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं।

राजस्थान प्री डीएलएड (बीएसटीसी) परीक्षा 20 मई को दो शिफ्ट में आयोजित की जा रही है। VMOU ने परीक्षा केंद्र में प्रवेश, जरूरी दस्तावेज और प्रतिबंधित सामान को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

नई दिल्ली: राजस्थान Rajasthan BSTC एग्जाम का आयोजन आज राज्यभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। परीक्षा दो शिफ्ट में होगी और इसके लिए वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU) ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी की हैं। उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड, वैध फोटो आईडी और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचना जरूरी

VMOU की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा। सुरक्षा जांच और पहचान प्रक्रिया में समय लग सकता है, इसलिए उम्मीदवारों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। देरी होने पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

परीक्षा में क्या ले जाना है और क्या नहीं

उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड, नीले या काले रंग का पारदर्शी बॉलपेन, हाल ही की पासपोर्ट साइज फोटो और मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट पहचान पत्र के रूप में मान्य होंगे।

इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, नोट्स, किताबें या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्र प्रशासन मोबाइल या अन्य सामान सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी नहीं लेगा।

दो शिफ्ट में आयोजित होगी परीक्षा

राजस्थान बीएसटीसी परीक्षा 20 मई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षार्थियों को ओएमआर शीट में रोल नंबर, प्रश्न पुस्तिका क्रमांक और सीरीज सही तरीके से भरने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की गलती होने पर रिजल्ट जारी करने में परेशानी हो सकती है।

सोशल मीडिया अफवाहों से बचने की सलाह

यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल या नियमों के उल्लंघन पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 के तहत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

सामान्य और संस्कृत पाठ्यक्रम के अभ्यर्थियों को आवेदन में चुनी गई भाषा के अनुसार ही प्रश्नपत्र हल करना होगा। परीक्षा खत्म होने के बाद ही उम्मीदवार प्रश्न पुस्तिका और ओएमआर की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे।

Leave a comment