राजधानी में सफाई व्यवस्था ठप! जयपुर के सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, बातचीत बेनतीजा

जयपुर में भर्ती व अन्य मांगों पर बातचीत विफल, सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर। सड़क सफाई और कचरा संग्रहण प्रभावित, प्रशासन वार्ता जारी।
राजधानी में सफाई व्यवस्था ठप! जयपुर के सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, बातचीत बेनतीजा

जयपुर में भर्ती और अन्य प्रमुख मांगों पर बातचीत विफल होने के बाद सफाईकर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार शाम से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी, जबकि बुधवार से सड़क सफाई और घर-घर कचरा संग्रहण पर व्यापक असर पड़ने की उम्मीद है।

Jaipur: राजधानी जयपुर में मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ की बैठक में भर्ती सहित मुख्य मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद सफाईकर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया। शाम की सफाई व्यवस्था उसी दिन प्रभावित हो गई, जबकि बुधवार सुबह से शहर में सड़क सफाई और घर-घर कचरा संग्रहण ठप होने के आसार बन गए हैं। हालांकि, सफाईकर्मियों का एक हिस्सा फिलहाल काम जारी रखेगा।

संघ की आम सभा में शहरभर से आए सफाईकर्मियों ने भाग लिया और अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत समाधान तक नहीं पहुंच सकी। संघ अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया का आमरण अनशन भी पांचवें दिन जारी रहा। स्थिति को देखते हुए नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा बुधवार को निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर भर्ती प्रक्रिया और अन्य लंबित मांगों पर चर्चा करेंगे। हड़ताल के चलते शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है।

मांगों पर आंशिक सहमति

नगर निगम प्रशासन ने सफाईकर्मियों की कई मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए एक विशेष कमेटी का गठन किया है। उपायुक्त पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ समेत पाँच अधिकारियों की इस कमेटी ने यूनियन पदाधिकारियों से वार्ता कर मोबाइल एप आधारित हाजिरी प्रणाली को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही लंबित भर्ती, कोर्ट मामलों में नियुक्ति, वरिष्ठता आधारित पदोन्नति और स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को विस्तृत पत्र भेजने पर सहमति बनाई गई है।

हालांकि इन आश्वासनों के बावजूद यूनियन ने कहा है कि वे हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। उनका कहना है कि केवल मौखिक आश्वासन पर्याप्त नहीं है और जब तक सभी मांगों पर स्पष्ट कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। यूनियन का दावा है कि पिछले एक महीने से मांगों को लेकर वे लगातार प्रशासन को अवगत करा रहे हैं, लेकिन ठोस समाधान नहीं मिल पा रहा।

संघ और प्रशासन के तर्क

संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मियों की समस्याओं की ओर लंबे समय से कोई ध्यान नहीं दिया गया। गंभीर बीमारी या मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, जोखिम भत्ता बढ़ाने और प्रॉमोसनल प्रक्रिया जैसे मुद्दों पर प्रशासन की निष्क्रियता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि मजबूरी में कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा है।

दूसरी ओर, सफाई कर्मचारी नेता पवन चौधरी का कहना है कि यूनियन का एक वर्ग अनावश्यक रूप से माहौल खराब कर रहा है। उनका दावा है कि कई मांगों पर पहले ही सहमति बन चुकी है और कर्मचारियों के हितों को किसी तरह का नुकसान नहीं हो रहा। वहीं नगर निगम आयुक्त गौरव सैनी ने बताया कि निगम स्तर के कई मामलों का निस्तारण किया जा चुका है और शेष मुद्दों पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निरंतर संवाद की वजह से हड़ताल जल्द समाप्त हो सकती है।

Leave a comment