राजस्थान हाईकोर्ट ने लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर एक अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि यदि लड़का और लड़की की शादी की कानूनी उम्र पूरी नहीं हुई है, तब भी वे अपनी मर्जी से लिव-इन रिलेशनशिप में रह सकते हैं।
जयपुर: लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने एक बड़ा और दूरगामी प्रभाव वाला फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि लड़का-लड़की शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र से कम भी हों, तब भी वे आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह सकते हैं। यह फैसला कोटा के एक युवा जोड़े द्वारा दायर सुरक्षा याचिका पर सुनाया गया है, जिन्हें परिवार से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
हाईकोर्ट के इस निर्णय को व्यक्तिगत स्वतंत्रता, संविधान के अनुच्छेद 21 और आधुनिक समाज में संबंधों की कानूनी पहचान के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
कोटा निवासी 18 वर्षीय युवती और 19 वर्षीय युवक आपसी सहमति से 27 अक्टूबर 2025 से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों ने अदालत में याचिका दायर कर बताया कि लड़की के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। कपल का आरोप था कि उन्होंने बीते दिनों पुलिस को लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सुरक्षा नहीं मिलने पर उन्होंने मजबूर होकर राजस्थान हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
सरकारी वकील ने क्या दलील दी?
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने तर्क दिया कि:
- युवक की उम्र अभी 21 वर्ष से कम है
- युवती भी शादी की न्यूनतम कानूनी उम्र से कम है
- इसलिए उन्हें लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए
सरकार की ओर से यह भी कहा गया कि कम उम्र के कारण यह संबंध सामाजिक और कानूनी रूप से स्वीकार्य नहीं माना जा सकता।
![]()
हाईकोर्ट ने क्यों खारिज किया सरकार का तर्क?
इस मामले की सुनवाई जस्टिस अनूप ढांड की एकल पीठ ने की। अदालत ने सरकारी वकील की दलीलों को सख्ती से खारिज करते हुए कहा, केवल यह कहकर कि याचिकाकर्ता विवाह के योग्य नहीं हैं, उन्हें उनके मौलिक अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने साफ कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार देता है और यह अधिकार उम्र के आधार पर छीना नहीं जा सकता। राजस्थान हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कई महत्वपूर्ण कानूनी बातें स्पष्ट कीं:
- लिव-इन रिलेशनशिप भारतीय कानून के तहत न तो अवैध है और न ही कोई आपराधिक कृत्य
- शादी की उम्र पूरी न होना मौलिक अधिकारों को समाप्त करने का आधार नहीं बन सकता
- यदि किसी कपल को खतरा है तो यह संविधान के अनुच्छेद 21 का सीधा उल्लंघन माना जाएगा
- पुलिस की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष और त्वरित सुरक्षा उपलब्ध कराए
हाईकोर्ट ने इस मामले में भीलवाड़ा और जोधपुर पुलिस को निर्देश दिया कि वे कपल की तुरंत सुरक्षा सुनिश्चित करें और परिवार की ओर से किसी भी तरह की धमकी या हिंसा को रोका जाए. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सुरक्षा में लापरवाही हुई, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।










