राजस्थान में फिर गोल्ड लोन घोटाला, पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस की खुली पोल

झुंझुनूं के पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस ब्रांच में नकली सोने के बदले 30 लाख रुपए का गोल्ड लोन बांटने का खुलासा, ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार।
राजस्थान में फिर गोल्ड लोन घोटाला, पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस की खुली पोल

झुंझुनूं के पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस की ब्रांच में गोल्ड लोन घोटाले का खुलासा हुआ है। ब्रांच मैनेजर और सहायक मैनेजर ने नकली सोने के बदले 30 लाख रुपए का लोन बांटा। पुलिस जांच जारी है।

Rajasthan: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में गोल्ड लोन से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया है। पहले पंजाब नेशनल बैंक में नकली सोने के जरिए करोड़ों रुपए के गोल्ड लोन घोटाले का खुलासा हुआ था। अब पिलानी कस्बे में मणप्पुरम फाइनेंस कंपनी की ब्रांच में भी इसी तरह की धोखाधड़ी पकड़ी गई है। इस मामले ने एक बार फिर गोल्ड लोन देने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, मणप्पुरम फाइनेंस की पिलानी शाखा में ब्रांच मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर ने मिलकर नकली सोने के बदले करीब 30 लाख रुपए का लोन बांट दिया और कंपनी को बड़ा नुकसान पहुंचाया।

ऑडिट में खुली पोल

पिलानी थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि मणप्पुरम फाइनेंस के एरिया मैनेजर लोकेश शर्मा ने 9 दिसंबर 2025 को इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ने 12 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2025 के बीच दिए गए गोल्ड लोन की आंतरिक ऑडिट करवाई थी।

राजस्थान में फिर गोल्ड लोन घोटाला, पिलानी में मणप्पुरम फाइनेंस की खुली पोल

ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि पिलानी ब्रांच में दिए गए कई गोल्ड लोन असली सोने के बदले नहीं, बल्कि नकली गहनों के आधार पर जारी किए गए थे। जांच में यह साफ हुआ कि ब्रांच मैनेजर संदीप सैनी और सहायक मैनेजर नरेंद्र सिंह ने अन्य लोगों के साथ मिलकर इस घोटाले को अंजाम दिया।

परिचितों को बांटा गया फर्जी लोन

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने अपने करीब 10 परिचितों और रिश्तेदारों को नकली सोने के बदले 30 लाख रुपए से ज्यादा का लोन दिलवाया। लोन की राशि आपस में बांटकर उसका गबन कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि जिन लोगों को फर्जी तरीके से लोन दिया गया था, उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। अन्य कर्मचारियों या बाहरी लोगों की मिलीभगत सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

गोल्ड लोन सिस्टम पर उठे सवाल

इससे पहले नवलगढ़ स्थित पीएनबी ब्रांच में भी इसी तरह का गोल्ड लोन घोटाला सामने आ चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से बैंकिंग और निजी फाइनेंस कंपनियों में हड़कंप मच गया है।

नकली सोने की पहचान, लोन अप्रूवल प्रक्रिया और आंतरिक निगरानी प्रणाली पर अब गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते सिस्टम को मजबूत नहीं किया गया, तो ऐसे घोटाले आगे भी सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a comment