राजस्थान सरकार पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में शैक्षणिक योग्यता लागू करने की तैयारी में है। प्रस्ताव मंजूर हुआ तो अनपढ़ लोग सरपंच, पार्षद और अन्य पदों पर चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।
rajasthan: राजस्थान सरकार स्थानीय स्वशासन को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए पंचायती राज और शहरी नगर निकाय चुनावों में शैक्षणिक योग्यता अनिवार्य करने की तैयारी कर रही है। सरकार का मानना है कि अगर ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों, जिला परिषदों और नगर निकायों में पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधि होंगे, तो योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार आएगा और प्रशासनिक कामकाज ज्यादा सुचारु रूप से हो सकेगा।
इस प्रस्ताव के लागू होने पर सरपंच, पार्षद, मेयर, सभापति, नगर पालिका अध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रधान, जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य जैसे पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तय की जाएगी। इसका सीधा असर यह होगा कि जो लोग पढ़े-लिखे नहीं हैं, वे आगामी चुनावों में उम्मीदवार नहीं बन पाएंगे।
मुख्यमंत्री के पास भेजा गया प्रस्ताव
शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भेज दिया है। अब इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री स्तर पर लिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सरकार इस प्रस्ताव को लेकर गंभीर है और जल्द ही इसे मंजूरी मिल सकती है।
प्रस्ताव के अनुसार, सरपंच पद के लिए कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य किया जा सकता है। वहीं पार्षद पद के लिए 10वीं या 12वीं पास की शर्त रखी जा सकती है। इसी तरह शहरी निकायों में मेयर, सभापति और नगर पालिका अध्यक्ष जैसे पदों के लिए भी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तय करने की तैयारी है।
अगर यह नियम लागू होता है तो पंचायत और नगर निकाय चुनावों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। अब तक कई जगह ऐसे जनप्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं, जो पढ़ना-लिखना ठीक से नहीं जानते थे, लेकिन जनता के बीच उनकी पकड़ मजबूत थी।
कानून में संशोधन जरूरी
सरकार अगर शैक्षणिक योग्यता को अनिवार्य बनाती है, तो इसके लिए मौजूदा कानूनों में बदलाव करना होगा। पंचायती राज अधिनियम और नगर पालिका अधिनियम में संशोधन किए बिना यह नियम लागू नहीं हो सकता।
![]()
इसके लिए सरकार को विधानसभा में संशोधन विधेयक पेश करने होंगे। विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद ही यह नियम कानूनी रूप से लागू होगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग नए नियमों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया और पात्रता शर्तें तय करेगा।
कानून में संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि किन पदों के लिए कितनी न्यूनतम पढ़ाई जरूरी होगी और किन वर्गों को इसमें छूट मिलेगी या नहीं।
पहले भी लागू हो चुका है ऐसा नियम
यह पहला मौका नहीं है जब राजस्थान में शैक्षणिक योग्यता को लेकर नियम बनाने की कोशिश की जा रही है। साल 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कार्यकाल में भी पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों में पढ़ाई की शर्त लागू की गई थी।
उस समय वार्ड पंच के लिए कोई शैक्षणिक योग्यता तय नहीं थी, लेकिन सरपंच के लिए कम से कम आठवीं पास होना जरूरी किया गया था। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के लिए 10वीं पास की शर्त रखी गई थी।
आदिवासी बहुल टीएसपी क्षेत्रों में भी सरपंच के लिए आठवीं पास और पंचायत समिति व जिला परिषद सदस्य के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य किया गया था। शहरी निकायों में पार्षद और प्रमुख पदों के लिए भी 10वीं पास की योग्यता तय थी।
कांग्रेस सरकार ने हटाया था नियम
2015 में लागू किए गए इस नियम का कांग्रेस ने तब जोरदार विरोध किया था। कांग्रेस का कहना था कि शैक्षणिक योग्यता की शर्त लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है और इससे गरीब, ग्रामीण और वंचित वर्ग के लोग चुनाव लड़ने से वंचित हो जाएंगे।
साल 2019 में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उसने इस नियम को पूरी तरह समाप्त कर दिया। इसके बाद फिर से बिना शैक्षणिक योग्यता के पंचायत और निकाय चुनाव कराए गए। अब एक बार फिर से सरकार इस मुद्दे को लेकर आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में इस प्रस्ताव पर राजनीतिक बहस तेज होने की भी संभावना है।











