राजस्थान टाइगर रिज़र्व्स में बड़े स्तर पर रोग सर्वे, मुकुंदरा ने दी पहल को गति

मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ने बाघों और वन्यजीवों की सेहत के लिए डिजीज सर्विलांस सर्वे शुरू किया, पहला चरण पूरा हो चुका है।
राजस्थान टाइगर रिज़र्व्स में बड़े स्तर पर रोग सर्वे, मुकुंदरा ने दी पहल को गति

मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में लगातार बाघों की मौत और लापता होने की घटनाओं के बाद वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने व्यापक डिजीज सर्विलांस सर्वे शुरू किया है। सर्वे का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कहीं संक्रामक बीमारियाँ वन्यजीवों तक पहुँचकर उनके जीवन चक्र और सुरक्षा पर असर तो नहीं डाल रही हैं।

कोटा स्थित मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में 2020 से 2023 के बीच तीन वयस्क बाघ और दो शावकों की मौत तथा एक वयस्क और एक शावक के लापता होने जैसी घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण को लेकर गंभीर चिंताएँ बढ़ा दी हैं। इन घटनाओं का सीधा असर पर्यटन पर भी पड़ा है। बाघों की आबादी को स्थिर करने और संरक्षण प्रयासों को मजबूती देने के लिए अब मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से बाघिन लाने की तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी पृष्ठभूमि में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने रिजर्व में डिजीज सर्विलांस सर्वे शुरू किया है। 

सीसीएफ एसआर जाट के अनुसार सर्वे का पहला चरण पूरा हो चुका है और सैंपल विश्लेषण जारी है। लगभग 82 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में हो रहे इस सर्वे में शाकाहारी वन्यजीवों और आसपास के घरेलू मवेशियों के रक्त, मल-मूत्र के नमूनों की पीसीआर जांच की जा रही है, ताकि बीमारी का वन्यजीवों में संभावित प्रसार रोका जा सके।

वन–मवेशी संपर्क बना जोखिम

राजस्थान टाइगर रिज़र्व्स में बड़े स्तर पर रोग सर्वे, मुकुंदरा ने दी पहल को गति

मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा किए जा रहे डिजीज सर्विलांस सर्वे के दौरान वन्यजीव एवं घरेलू मवेशियों के बीच बढ़ते संपर्क को संभावित खतरे के रूप में चिन्हित किया गया है। सीसीएफ एसआर जाट ने बताया कि जंगल के आसपास मवेशियों और शाकाहारी वन्यजीवों का साथ-साथ चरना बीमारियों के प्रसार का प्रमुख कारण बन सकता है। इसी जोखिम को ध्यान में रखते हुए टीम स्थानीय पशु अस्पतालों और ग्रामीण क्षेत्रों से भी स्वास्थ्य संबंधी डाटा एकत्र कर रही है, ताकि संक्रमण के स्रोत और प्रभाव का सटीक आकलन किया जा सके।

अन्य रिजर्वों में भी बढ़ेगी निगरानी

मुकुंदरा में चल रहे एनिमल डिजीज सर्विलांस की प्रारंभिक रिपोर्ट को जल्द ही राजस्थान के सभी टाइगर रिजर्व अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा। वन विभाग का मानना है कि चूंकि अधिकांश रिजर्व में रणथम्भौर मूल के बाघ हैं, इसलिए बीमारी के जोखिम और जैविक परिस्थितियां लगभग समान हैं, जिससे यह मॉडल अन्य अभ्यारण्यों में भी लागू किया जा सकता है।

वन अधिकारियों ने दी प्रक्रिया की जानकारी

अधिकारियों का कहना है कि मुकुंदरा में 2020 के आसपास बाघों की लगातार हुई मौतों के बाद संक्रमण जांच को लेकर यह सर्वे आवश्यक माना गया। उपवन संरक्षक मुत्थु एस के अनुसार फिलहाल सर्वे केवल मुकुंदरा में चल रहा है, और रिपोर्ट आने के बाद इसे पूरे प्रदेश में वन्यजीव स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए आधार दस्तावेज की तरह अपनाया जाएगा।

Leave a comment