राष्ट्रपति के रेफरेंस पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनाएगा अहम फैसला, अनुच्छेद 143 के तहत 14 संवैधानिक प्रश्नों पर देगा राय

सुप्रीम कोर्ट आज राष्ट्रपति के रेफरेंस पर अनुच्छेद 143 के तहत 14 महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रश्नों पर अपनी राय देगा। जानें फैसला क्यों अहम है और इसका क्या होगा असर।

भारतीय लोकतंत्र में राज्यपालों की भूमिका और उनके संवैधानिक अधिकार लंबे समय से विवादों के केंद्र में रहे हैं। इसी मुद्दे पर एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट की पाँच सदस्यीय संविधान पीठ आज राष्ट्रपति द्वारा भेजे गए रेफरेंस पर अपना फैसला सुनाने जा रही है।

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट की पाँच सदस्यीय संविधान पीठ आज राष्ट्रपति द्वारा अनुच्छेद 143 के तहत भेजे गए रेफरेंस पर अपनी राय देगी। राष्ट्रपति ने अदालत से यह स्पष्ट करने का अनुरोध किया है कि क्या राज्य विधानसभाओं से पारित विधेयकों पर मंजूरी, अस्वीकृति या उन्हें रोककर रखने के संबंध में राज्यपालों के लिए किसी निश्चित समय-सीमा का निर्धारण किया जा सकता है, जबकि संविधान में इसके लिए कोई अवधि तय नहीं है। 

इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चीफ जस्टिस बी.आर. गवई, भविष्य के सीजेआई सूर्य कांत, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस एस. चांदूरकर वाली संविधान पीठ अपना अभिमत पेश करेगी।

कौन-कौन कर रहे हैं सुनवाई?

इस मामले की सुनवाई CJI बीआर गवई की अगुवाई वाली संविधान पीठ कर रही है। पीठ में शामिल हैं:

  • जस्टिस सूर्य कांत (अगले सीजेआई)
  • जस्टिस विक्रम नाथ
  • जस्टिस पीएस नरसिम्हा
  • जस्टिस एस. चांदूरकर

यह वही पीठ है जिसने 10 दिनों तक व्यापक बहसें सुनने के बाद 11 सितंबर को फैसला सुरक्षित रखा था।

सबसे बड़ा सवाल: क्या राज्यपाल पर समय सीमा लागू हो सकती है?

राष्ट्रपति के रेफरेंस पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनाएगा अहम फैसला, अनुच्छेद 143 के तहत 14 संवैधानिक प्रश्नों पर देगा राय

कई राज्यों में महीनों और वर्षों तक विधेयक लंबित रहने के मामले सामने आने के बाद राष्ट्रपति ने सवाल उठाया कि, क्या राज्यपाल के लिए विधेयकों को मंज़ूरी देने, रोकने या वापस भेजने की कोई समयसीमा तय की जा सकती है? यह प्रश्न इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि संविधान के अनुच्छेद 200 में राज्यपाल के अधिकार तो दिए गए हैं, लेकिन समयसीमा स्पष्ट नहीं है। इससे कई बार राज्य सरकारों और राज्यपालों के बीच टकराव पैदा होता है।

अनुच्छेद 200 से जुड़े प्रमुख प्रश्न

राष्ट्रपति द्वारा पूछे गए 14 सवालों में मुख्य प्रश्न शामिल हैं:

1. राज्यपाल के पास विधेयक आने पर क्या-क्या विकल्प हैं?

  • विधेयक मंज़ूर कर सकते हैं?
  • उसे रोककर रख सकते हैं?
  • राष्ट्रपति के पास भेज सकते हैं?
  • या मंत्रीपरिषद की सलाह से अलग निर्णय ले सकते हैं?

2. क्या राज्यपाल मंत्रीपरिषद की सलाह मानने के लिए बाध्य हैं?

  • यह सबसे संवेदनशील प्रश्न है, क्योंकि इससे राज्यपाल की स्वायत्तता और राज्य सरकार के अधिकार दोनों पर असर पड़ेगा।

विपक्ष शासित राज्यों का विरोध

तमिलनाडु, पंजाब, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश जैसे कई राज्यों ने राष्ट्रपति के रेफरेंस का विरोध किया। इन राज्यों का तर्क है कि, राज्यपालों द्वारा विधेयकों में देरी पहले से ही संघीय ढांचे को कमजोर कर रही है। अदालत को ऐसे सवालों पर राय नहीं देनी चाहिए, क्योंकि इससे राज्यपालों को और अधिक अधिकार मिल सकते हैं।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केंद्र सरकार की ओर से दलील देते हुए कहा, संविधान में बदलाव करने का अधिकार संसद को है, सुप्रीम कोर्ट को नहीं।अदालत यदि समयसीमा तय करती है, तो वह अपनी भूमिका से बाहर जाएगी। यह संसद और न्यायपालिका की शक्तियों के बीच संतुलन को प्रभावित कर सकता है।

Leave a comment