ट्रंप–ममदानी की हाई-प्रोफाइल मीटिंग तय, दोनों नेताओं की मुलाकात की तारीख जारी

ट्रंप और न्यूयॉर्क के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी की पहली मुलाकात 21 नवंबर को व्हाइट हाउस में होगी। ट्रंप पहले ममदानी की नीतियों का विरोध कर चुके हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी की पहली मुलाकात 21 नवंबर को व्हाइट हाउस में होगी। ट्रंप पहले ममदानी की नीतियों पर कड़ा विरोध जताते रहे हैं, इसलिए इस बैठक को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

US News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी की मुलाकात 21 नवंबर को व्हाइट हाउस में तय हुई है। यह मुलाकात इसलिए चर्चा में है क्योंकि ट्रंप पहले ममदानी की नीतियों को लेकर कई बार कड़ा विरोध जता चुके हैं। चुनाव से ठीक पहले ट्रंप ने दावा किया था कि अगर ममदानी जीत गए तो न्यूयॉर्क शहर के लिए यह आर्थिक और सामाजिक आपदा साबित होगी। लेकिन ममदानी के मिलने के अनुरोध को ट्रंप ने स्वीकार कर लिया और तारीख तय कर दी।

ट्रंप का बयान

ट्रंप ने अपने प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि न्यूयॉर्क शहर के कम्युनिस्ट मेयर जोहरान ‘क्वामे’ ममदानी ने मीटिंग के लिए अनुरोध किया है और यह मुलाकात शुक्रवार को ओवल ऑफिस में होगी। ट्रंप के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठने लगा है कि दोनों नेताओं की यह प्रथम मुलाकात किस दिशा में जाएगी। ट्रंप पहले कई बार ममदानी की नीतियों को शहर के लिए खतरनाक बता चुके हैं और उन पर आर्थिक दृष्टिकोण से गलत फैसले लेने का आरोप लगाया है।

जीत के बाद ममदानी का ट्रंप पर पलटवार

ट्रंप–ममदानी की हाई-प्रोफाइल मीटिंग तय, दोनों नेताओं की मुलाकात की तारीख जारी

जोहरान ममदानी ने जीत हासिल करने के बाद अपने भाषण में सीधे ट्रंप को चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि न्यूयॉर्क शहर को प्रवासी लोग ताकत देते हैं और अब यह शहर प्रवासी नेतृत्व में आगे बढ़ेगा। ममदानी ने कहा था कि अगर कोई ट्रंप को चुनावी रूप से चुनौती दे सकता है तो वह न्यूयॉर्क ही कर सकता है, क्योंकि यही शहर ट्रंप को राष्ट्रीय राजनीति के मंच तक लेकर आया था। ममदानी ने आगे कहा था कि किसी भी शक्तिशाली नेता को रोकने का तरीका यही है कि उन परिस्थितियों को समाप्त किया जाए, जिन्होंने उसे सत्ता तक पहुंचाया है। अपने संबोधन में उन्होंने ट्रंप को संदेश देते हुए कहा था, “आवाज़ और तेज करो।”

क्या हैं ट्रंप की नई शर्तें

ममदानी के भाषण पर ट्रंप ने नाराजगी जताई थी और इसे अत्यधिक गुस्से वाला बयान बताया था। उन्होंने कहा था कि अगर नया मेयर वॉशिंगटन के प्रति सम्मान नहीं दिखाएगा तो उसकी सफलता पर संदेह रहेगा। जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या वह खुद ममदानी से संपर्क करेंगे, तो ट्रंप ने कहा कि ममदानी को ही आगे आना चाहिए और संवाद की पहल करनी चाहिए। ट्रंप ने यह भी जोड़ा कि वह चाहते हैं कि नया मेयर अच्छा काम करे क्योंकि वह न्यूयॉर्क शहर से बहुत प्यार करते हैं। उन्होंने दोहराया कि वह ममदानी को लंबे समय से 'कम्युनिस्ट' कहते आए हैं और उनका मानना है कि कम्युनिज्म कभी सफल नहीं रहा है।

इतिहास रचने वाले मेयर

जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर का मेयर चुनाव जीतकर इतिहास रचा है। वह अमेरिका के सबसे बड़े शहर के पहले दक्षिण एशियाई और पहले मुस्लिम मेयर बने हैं। भारतीय मूल के ममदानी प्रसिद्ध फिल्मकार मीरा नायर और कोलंबिया यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर महमूद ममदानी के बेटे हैं। उनका जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था और वह 7 साल की उम्र में न्यूयॉर्क आ गए थे। 2018 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली और अब वे न्यूयॉर्क शहर की राजनीति के शीर्ष पद पर पहुंच गए हैं।

Leave a comment