Sanjay Malhotra थोड़ी देर में Reserve Bank of India की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक में लिए गए फैसलों का ऐलान करेंगे। नए वित्त वर्ष की यह पहली एमपीसी बैठक है और पश्चिम एशिया में तनाव (ईरान से जुड़े हालात) के बाद भी यह पहली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।
बिजनेस न्यूज़: भारत के केंद्रीय बैंक भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मॉनिटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की अहम बैठक के फैसले आज घोषित किए जाएंगे। इस वित्तीय वर्ष की पहली बैठक के नतीजों का इंतजार आम लोगों से लेकर निवेशकों और उद्योग जगत तक सभी को है। खासतौर पर उन लोगों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण है, जिनका होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन चल रहा है।
RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देंगे। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है जब वैश्विक आर्थिक परिदृश्य अनिश्चितताओं से घिरा हुआ है और पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम का असर भी बाजारों पर पड़ा है।
रेपो रेट पर क्या रहेगा फैसला?
![]()
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार RBI रेपो रेट में कोई बड़ा बदलाव नहीं कर सकता और इसे लगभग 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखा जा सकता है। रेपो रेट वह दर होती है जिस पर RBI बैंकों को कर्ज देता है। यदि इसमें कटौती की जाती है, तो बैंकों के लिए फंड सस्ता हो जाता है और इसका सीधा लाभ ग्राहकों को कम ब्याज दर के रूप में मिलता है।
हालांकि, कुछ विश्लेषकों का यह भी मानना है कि यदि हालात अनुकूल रहे तो RBI अप्रत्याशित रूप से दरों में कटौती कर सकता है। ऐसा होने पर होम लोन, ऑटो लोन और अन्य कर्जों की मासिक किस्त (EMI) में कमी आ सकती है।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
पश्चिम एशिया में हालिया तनाव के बाद अब सीजफायर की स्थिति बनने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई है। इससे वैश्विक महंगाई पर दबाव कम होने की उम्मीद जगी है। भारत, जो अपनी ऊर्जा जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत आयात करता है, के लिए यह राहत भरी खबर हो सकती है। तेल की ऊंची कीमतों के कारण पहले महंगाई बढ़ने का खतरा था, जिससे RBI पर ब्याज दरें ऊंची रखने का दबाव बन रहा था। लेकिन अब कीमतों में गिरावट से नीतिगत ढील की संभावना को बल मिला है।
RBI के सामने सबसे बड़ी चुनौती महंगाई को नियंत्रित रखते हुए आर्थिक विकास को गति देना है। हाल के महीनों में वैश्विक स्तर पर जिंसों की कीमतों में उतार-चढ़ाव और मुद्रा बाजार में अस्थिरता ने नीति निर्धारण को और जटिल बना दिया है। भारतीय रुपये पर भी दबाव देखा गया है, जो हाल ही में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ। ऐसे में RBI को अपनी मौद्रिक नीति में संतुलन बनाकर चलना होगा ताकि न तो महंगाई बढ़े और न ही आर्थिक वृद्धि प्रभावित हो।










