RBI New Rules 2026: बैंक खाता नहीं है तो भी भेज सकते हैं 50 हजार रुपये, जानिए RBI के नियम

RBI New Rules 2026: अब बिना बैंक खाता खोले भी बैंक ब्रांच से NEFT के जरिए 50 हजार रुपये तक भेज सकते हैं। जानें RBI के नए मनी ट्रांसफर नियम और लिमिट।

RBI ने पैसे भेजने से जुड़े नियमों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, जिन लोगों का बैंक में खाता नहीं है, वे भी शाखा में नकद पैसे जमा कर NEFT से 50 हजार रुपये तक भेज सकते हैं। बैंक मित्र के जरिए पैसे भेजने की सीमा भी बताई गई है।

बिजनेस न्यूज़: किसी को पैसे भेजने हैं, लेकिन आपका अपना बैंक खाता नहीं है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप बैंक की शाखा में जाकर भी पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 11 नवंबर 2026 को घरेलू मनी ट्रांसफर से जुड़े नियम जारी किए हैं। इसमें बताया गया है कि बिना खाते के पैसे कैसे भेजे जा सकते हैं, बैंक मित्र से कितनी रकम ट्रांसफर होगी और नकद पैसे लेने के लिए क्या करना पड़ेगा। हालांकि, बिना खाते के 50 हजार रुपये भेजने की सुविधा पहले भी थी। RBI ने अब इससे जुड़े पुराने नियमों को एक जगह रखा है।

बिना बैंक खाते के 50 हजार रुपये कैसे भेजें?

अगर आपका बैंक खाता नहीं है और आपको किसी रिश्तेदार या परिचित को पैसे भेजने हैं, तो इसके लिए बैंक में नया खाता खुलवाना जरूरी नहीं है। आप उस बैंक की शाखा में जा सकते हैं, जहां बिना खाते वाले ग्राहकों के लिए नकद NEFT की सुविधा उपलब्ध है। वहां आपको पैसे भेजने वाले व्यक्ति की जानकारी और रकम प्राप्त करने वाले का बैंक अकाउंट नंबर समेत जरूरी विवरण देना होगा। इसके बाद आप नकद पैसे जमा करेंगे और बैंक NEFT के जरिए रकम बताए गए खाते में भेज देगा।

इस तरीके से एक बार में अधिकतम 50 हजार रुपये भेजे जा सकते हैं। बस इतना ध्यान रखें कि जिस व्यक्ति को पैसे भेज रहे हैं, उसका बैंक खाता होना चाहिए। बैंक आपसे पहचान के दस्तावेज भी मांग सकता है।

बैंक मित्र से पैसे भेजने पर कितनी रहेगी लिमिट?

हर गांव या छोटे कस्बे में बैंक की शाखा पास नहीं होती। ऐसे इलाकों में लोग अक्सर बैंक मित्र की मदद लेते हैं। बैंक मित्र वे अधिकृत एजेंट होते हैं, जो बैंक की ओर से ग्राहकों को कुछ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराते हैं। RBI ने इनके जरिए पैसे भेजने की सीमा भी साफ कर दी है। बैंक मित्र या उपलब्ध ATM सुविधा से किसी बैंक खाते में एक बार में 5 हजार रुपये तक भेजे जा सकते हैं। वहीं, एक महीने में कुल 25 हजार रुपये भेजने की अनुमति रहेगी।

इसका मतलब है कि कोई व्यक्ति महीने में कई बार पैसे भेज सकता है, लेकिन कुल रकम निर्धारित सीमा से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। यह सुविधा संबंधित बैंक में उपलब्ध होने पर ही इस्तेमाल की जा सकेगी।

बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति को भी मिल सकेंगे नकद पैसे

कई बार घर में किसी बुजुर्ग या परिवार के दूसरे सदस्य का बैंक खाता नहीं होता। ऐसे लोगों तक रकम पहुंचाने के लिए कैश पे-आउट की सुविधा रखी गई है। इस व्यवस्था में बैंक खाता रखने वाला व्यक्ति अपने खाते से पैसे भेज सकता है और सामने वाला व्यक्ति अधिकृत बैंक मित्र, ATM या दूसरे स्वीकृत माध्यम से नकद रकम ले सकता है।

नियमों के मुताबिक, एक बार में अधिकतम 10 हजार रुपये नकद दिए जा सकते हैं। किसी एक व्यक्ति को पूरे महीने में 25 हजार रुपये तक मिल सकते हैं. बैंक को पैसे प्राप्त करने वाले व्यक्ति का नाम और पता अपने रिकॉर्ड में रखना होगा। इससे जरूरत पड़ने पर लेन-देन की जानकारी की जांच की जा सकेगी।

RBI New Rules 2026: बैंक खाता नहीं है तो भी भेज सकते हैं 50 हजार रुपये, जानिए RBI के नियम

पैसे भेजने से पहले पहचान की जांच होगी जरूरी

बिना बैंक खाते के पैसे भेजने की सुविधा जरूर है, लेकिन इसका इस्तेमाल बिना पहचान बताए नहीं किया जा सकेगा। पैसा भेजने वाले व्यक्ति को अपना सत्यापित मोबाइल नंबर और मान्य पहचान दस्तावेज देना होगा। बैंक या बैंक मित्र इन जानकारियों के आधार पर ग्राहक का रजिस्ट्रेशन करेंगे। प्रत्येक ट्रांसफर में अतिरिक्त सुरक्षा जांच भी जरूरी होगी। इसे एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन (AFA) कहा जाता है।

बैंकों को NEFT और IMPS के जरिए भेजी जाने वाली रकम के साथ भेजने वाले की जानकारी दर्ज करनी होगी। नकद रकम से किए गए ट्रांसफर की अलग पहचान भी रखी जाएगी।

बार-बार पैसे आने पर बैंक कर सकते हैं जांच

RBI ने बैंकों को संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। अगर किसी खाते में अचानक बहुत अधिक संख्या में पैसे आने लगते हैं या असामान्य तरीके से लगातार ट्रांसफर होते हैं, तो बैंक को इसकी जांच करनी होगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों को भी जानकारी दी जाएगी। ग्राहकों को खाते में पैसे आने के अलर्ट देने की व्यवस्था भी रखनी होगी।

RBI का कहना है कि इन सुविधाओं के तहत रकम का ट्रांसफर वास्तविक समय में या उसके आसपास पूरा होना चाहिए। हालांकि, इसमें लगने वाला समय संबंधित भुगतान माध्यम पर निर्भर कर सकता है।

कब से लागू हैं नियम और कितना लगेगा चार्ज?

RBI के घरेलू मनी ट्रांसफर दिशानिर्देश 11 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं। ये कमर्शियल बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, सहकारी बैंकों और संबंधित अधिकृत पेमेंट ऑपरेटरों पर लागू होते हैं। बैंक इन सेवाओं के लिए उचित शुल्क ले सकते हैं। इसलिए पैसे भेजने से पहले चार्ज की जानकारी लेना जरूरी है। ग्राहकों की शिकायतों के समाधान के लिए भी व्यवस्था रखी गई है।

ध्यान देने वाली बात यह है कि RBI ने अधिकांश पुरानी सीमाएं बरकरार रखी हैं। नए दस्तावेज में पहले से लागू व्यवस्थाओं को एक जगह शामिल किया गया है।

Leave a comment