Stock Market: सेंसेक्स-निफ्टी की सुस्त शुरुआत के संकेत, आज Bajaj Finance और Tata Power पर रहेगी नजर

Stock Market Today: शेयर बाजार में आज सेंसेक्स-निफ्टी की सुस्त शुरुआत के संकेत हैं। Bajaj Finance और Tata Power के शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर। जानें

भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 12 नवंबर को सीमित उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार शुरू होने की संभावना है। बुधवार की तेज बढ़त के बाद निवेशकों की नजर GIFT Nifty, महंगाई के आंकड़ों और Bajaj Finance, Tata Power सहित प्रमुख कंपनियों के अपडेट पर रहेगी।

बिजनेस न्यूज़: भारतीय शेयर बाजार में लगातार दो कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद गुरुवार को निवेशक थोड़ा सतर्क नजर आ सकते हैं। 11 नवंबर को सेंसेक्स 772.75 अंक चढ़कर 81,879.40 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 210.40 अंक की बढ़त के साथ 25,255.05 पर पहुंच गया। विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने बाजार को सहारा दिया। अब आज की चाल तय करने में ग्लोबल मार्केट, कंपनियों के तिमाही नतीजे और आर्थिक आंकड़े अहम रहेंगे। 

GIFT Nifty ने दिए सीमित बढ़त के संकेत, विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे GIFT Nifty 25,270 के आसपास कारोबार कर रहा था। इससे बाजार में बड़ी तेजी के बजाय सामान्य शुरुआत का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, पिछले कुछ कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार का माहौल बेहतर हुआ है। बुधवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने करीब 12,563 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। नवंबर में अब तक उनकी कुल खरीदारी 6.43 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है। 

अमेरिकी बाजारों में भी बुधवार को खरीदारी देखने को मिली। Nasdaq 1.6 प्रतिशत और S&P 500 करीब 1.3 प्रतिशत चढ़ा। Dow Jones में लगभग 255 अंकों की बढ़त रही। हालांकि, एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। 

Tata Power और Bajaj Finance में क्यों रहेगी हलचल?

आज Tata Power निवेशकों के फोकस में रह सकता है। सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 48.6 प्रतिशत बढ़कर 1,366.1 करोड़ रुपये रहा। राजस्व भी 26.3 प्रतिशत बढ़कर 19,635.9 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी के बोर्ड ने महाराष्ट्र में 1,800 मेगावाट के पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट पर 11,871 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। इसके अलावा संजय बंगा को CEO Designate नियुक्त किया गया है। वह 1 मई 2027 से CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। 

दूसरी ओर, Bajaj Finance ने 11 नवंबर को Qualified Institutional Placement यानी QIP शुरू किया है। इसके लिए 992.25 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय हुआ है। कंपनी नियमों के तहत अधिकतम 5 प्रतिशत छूट दे सकती है। इस फंड जुटाने की योजना पर निवेशकों की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रहेगी। 

इन कंपनियों के नतीजों और फैसलों का भी दिख सकता है असर

Stock Market: सेंसेक्स-निफ्टी की सुस्त शुरुआत के संकेत, आज Bajaj Finance और Tata Power पर रहेगी नजर

सरकारी कंपनी Mishra Dhatu Nigam का दूसरी तिमाही में मुनाफा 114.8 प्रतिशत बढ़कर 27.8 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व भी 41.1 प्रतिशत बढ़कर 295.9 करोड़ रुपये रहा। इसके उलट Triveni Turbine का मुनाफा 41.6 प्रतिशत घटकर 53.3 करोड़ रुपये रह गया। DCX Systems का घाटा घटकर 25 लाख रुपये रहा, लेकिन उसका राजस्व 27.3 प्रतिशत गिरकर 140.2 करोड़ रुपये पर आ गया।

फार्मा सेक्टर में Aurobindo Pharma पर नजर रहेगी। अमेरिकी दवा नियामक US FDA ने उसकी सब्सिडियरी Lannett के Seymour प्लांट के निरीक्षण को Official Action Indicated श्रेणी में रखा है। निरीक्षण के दौरान चार आपत्तियां सामने आई थीं। ITC ने Gold Flake RSFT सिगरेट के पैक की कीमत 125 रुपये से बढ़ाकर 135 रुपये कर दी है। वहीं Tata Investment Corporation में नोएल टाटा को 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस बनाया गया है।

Aditya Infotech में Dixon Technologies ने 1.14 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 581.65 करोड़ रुपये में बेची है। इस सौदे में Motilal Oswal और Kotak Mahindra Mutual Fund खरीदार रहे। 

HAL, IRCTC और Ola Electric के नतीजों पर रहेगी नजर

गुरुवार को HAL, IRCTC, Ola Electric, Vodafone Idea, Oil India, NMDC, Manappuram Finance, Page Industries, Alkem Laboratories और Rail Vikas Nigam सहित कई कंपनियां तिमाही नतीजे जारी करेंगी। इसके अलावा Hindustan Unilever, ONGC, IRB Infrastructure और Bayer CropScience के शेयर एक्स-डिविडेंड कारोबार करेंगे। 

Kaynes Technology का शेयर F&O बैन में रहेगा।  आज अक्टूबर की खुदरा महंगाई के आंकड़े भी जारी होने हैं। इनसे आगे ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों पर असर पड़ सकता है।

Leave a comment