मोबाइल पर छोटे अक्षर पढ़ने या देर तक किताब देखने के बाद सिरदर्द होने लगे, तो इसकी वजह सिर्फ स्क्रीन टाइम नहीं होती। कई बार आंखों की नजर में गड़बड़ी के कारण भी ऐसा होता है। हाइपरोपिया ऐसी ही एक समस्या है, जिसमें पास रखी चीजों को साफ देखने में परेशानी हो सकती है।
Hyperopia Symptoms: कुछ लोगों को दूर की चीजें तो साफ दिखाई देती हैं, लेकिन जैसे ही मोबाइल पर मैसेज पढ़ते हैं या किताब खोलकर बैठते हैं, आंखों में खिंचाव महसूस होने लगता है। थोड़ी देर बाद सिर भी दुखने लगता है। अक्सर लोग इसे मामूली थकान समझकर छोड़ देते हैं। मगर बार-बार ऐसा हो रहा है, तो आंखों की जांच कराना जरूरी है। इसकी एक वजह हाइपरोपिया भी हो सकती है। इसे दूरदृष्टि दोष कहते हैं। इस स्थिति में आंखों को पास की चीजों पर फोकस करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है।
पास की चीजें पढ़ते समय आंखों पर जोर क्यों पड़ता है?
हमारी आंखों में कॉर्निया और लेंस का काम बाहर से आने वाली रोशनी को रेटिना पर फोकस करना होता है। रेटिना आंख के पिछले हिस्से में मौजूद एक संवेदनशील परत है, जो दिखाई देने वाली चीजों की जानकारी दिमाग तक पहुंचाने में मदद करती है।
मायो क्लिनिक के अनुसार, हाइपरोपिया होने पर आंख में आने वाली रोशनी का फोकस रेटिना के पीछे बनने की प्रवृत्ति रखता है। इससे खासकर नजदीक रखी चीजें धुंधली दिखाई दे सकती हैं। कई लोगों को मोबाइल के छोटे अक्षर पढ़ने या किताब पर लगातार ध्यान लगाने में परेशानी महसूस होती है।
![]()
इस समस्या की एक बड़ी वजह आंख का आगे से पीछे की ओर सामान्य से छोटा होना है। इसके अलावा कॉर्निया या लेंस की रोशनी मोड़ने की क्षमता में अंतर होने से भी ऐसा हो सकता है।
हाइपरोपिया किसी भी उम्र में हो सकती है। कुछ बच्चों में यह जन्म से मौजूद होती है, लेकिन आंखों की फोकस करने की क्षमता के कारण शुरुआत में इसके लक्षण नजर नहीं आते। परिवार में किसी सदस्य को यह परेशानी होने पर बच्चों में भी इसकी संभावना बढ़ सकती है।
सिरदर्द और आंखों की थकान को हल्के में न लें
हाइपरोपिया में हर व्यक्ति को एक जैसी परेशानी नहीं होती। किसी को पास की चीजें धुंधली दिखाई देती हैं, तो किसी को लंबे समय तक पढ़ने के बाद सिरदर्द होने लगता है।
दरअसल, नजदीक की वस्तुओं पर फोकस बनाए रखने के लिए आंखों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है। इसी वजह से पढ़ाई, सिलाई, कंप्यूटर पर काम करने या मोबाइल इस्तेमाल करने के दौरान आंखों में खिंचाव महसूस हो सकता है।
कई बार आंखों के आसपास दर्द, भारीपन या जल्दी थकान होने की शिकायत भी सामने आती है। समस्या ज्यादा होने पर दूर की चीजें देखने में भी परेशानी हो सकती है।
हालांकि, मोबाइल इस्तेमाल करते समय होने वाला हर सिरदर्द हाइपरोपिया की वजह से नहीं होता। लंबे समय तक स्क्रीन देखने, आंखों में सूखापन, गलत चश्मे का नंबर और दूसरे कारणों से भी ऐसी परेशानी हो सकती है। इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर बीमारी तय करना सही नहीं है।
हाइपरोपिया और उम्र के साथ कमजोर नजर में क्या फर्क है?
कई बार लोगों को पास रखी किताब या मोबाइल पर लिखे शब्द साफ दिखाई नहीं देते। ऐसे में वे समझ लेते हैं कि उम्र बढ़ने की वजह से नजर कमजोर हो रही है। लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। हाइपरोपिया और प्रेसबायोपिया, दोनों में पास की चीजें देखने में दिक्कत हो सकती है, मगर दोनों की वजह अलग-अलग होती है।
नेशनल आई इंस्टीट्यूट के मुताबिक, हाइपरोपिया यानी दूरदृष्टि दोष आंख की बनावट से जुड़ा होता है। इसमें आंख के भीतर जाने वाली रोशनी रेटिना पर ठीक से फोकस नहीं कर पाती। यह परेशानी बच्चों में भी हो सकती है। कुछ लोगों को बचपन से ही पास की चीजें साफ देखने में मुश्किल होती है, जबकि हल्की समस्या होने पर कई बार इसका पता देर से चलता है।
प्रेसबायोपिया की बात करें तो यह बढ़ती उम्र के साथ होने वाला बदलाव है। आमतौर पर 40 से 45 साल की उम्र के आसपास आंखों का प्राकृतिक लेंस पहले जैसा लचीला नहीं रह जाता। इसी वजह से पास रखी किताब पढ़ने या मोबाइल पर छोटे अक्षर देखने में परेशानी होने लगती है। कई लोग ऐसी स्थिति में मोबाइल को आंखों से थोड़ा दूर करके पढ़ने लगते हैं।
ध्यान देने वाली बात यह है कि किसी व्यक्ति को हाइपरोपिया के साथ प्रेसबायोपिया भी हो सकता है। इसलिए अगर उम्र बढ़ने के साथ पास की नजर कमजोर हो रही है, तो बिना जांच कराए उसे सिर्फ उम्र का असर समझना सही नहीं होगा।













