भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, सबसे आगे बुढ़िया काली महारानी, अखाड़ों ने दिखाया शौर्य

भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकली। बुढ़िया काली महारानी सबसे आगे रहीं। अखाड़ों ने करतब दिखाए। जानें विसर्जन घाट, समय और सुरक्षा व्यवस्था।

बिहार के भागलपुर में मां काली की विसर्जन शोभायात्रा मंगलवार देर रात शुरू हुई। परबत्ती की बुढ़िया काली महारानी सबसे आगे रहीं। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ों के प्रदर्शन के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बुधवार को प्रमुख घाटों पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा।

भागलपुर: मां काली के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की आवाज से मंगलवार रात भागलपुर की सड़कें गूंज उठीं। शहर की प्रसिद्ध काली विसर्जन शोभायात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार परबत्ती की बुढ़िया काली महारानी की प्रतिमा सबसे आगे रखी गई। यात्रा में पारंपरिक अखाड़ों के प्रदर्शन और आकर्षक सजावट ने लोगों का ध्यान खींचा। प्रशासन ने सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात करने के साथ ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की।

रात 12 बजे स्टेशन चौक पहुंचीं बुढ़िया काली महारानी

भागलपुर में काली पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन की परंपरा इस बार भी पूरे उत्साह के साथ निभाई जा रही है। मंगलवार देर रात जैसे ही शोभायात्रा शुरू हुई, शहर के प्रमुख रास्तों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई देने लगी।

भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, सबसे आगे बुढ़िया काली महारानी, अखाड़ों ने दिखाया शौर्य

परबत्ती की बुढ़िया काली महारानी की प्रतिमा रात करीब 12 बजे स्टेशन चौक पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। इसके बाद दूसरे इलाकों की प्रतिमाएं भी निर्धारित क्रम से आगे बढ़ने लगीं।

शोभायात्रा स्टेशन चौक से वेरायटी चौक होते हुए तय रास्तों से गुजर रही है। इसमें भागलपुर के अलावा आसपास के जिलों और झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं।

अखाड़ों में युवाओं ने दिखाए पारंपरिक करतब

विसर्जन शोभायात्रा के दौरान विभिन्न अखाड़ों के युवाओं ने पारंपरिक युद्धकला और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। ढोल और ताशों की आवाज के बीच अखाड़ों के प्रदर्शन को देखने के लिए रास्तों पर लोग जमा रहे।

यात्रा में सजाई गई मां काली की प्रतिमाएं भी आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। अलग-अलग पूजा समितियों की ओर से रोशनी और सजावट की व्यवस्था की गई थी।

भागलपुर की काली विसर्जन यात्रा का धार्मिक महत्व होने के साथ शहर की सांस्कृतिक परंपरा से भी गहरा संबंध है। यहां विभिन्न समुदायों के लोग आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं। यही वजह है कि इस यात्रा को शहर के सामाजिक सौहार्द से भी जोड़कर देखा जाता है।

सबसे आगे बुढ़िया काली, आखिर में निकलेंगी बम काली

भागलपुर की विसर्जन यात्रा में प्रतिमाओं के आगे बढ़ने का क्रम पहले से निर्धारित रहता है। परंपरा के मुताबिक परबत्ती की बुढ़िया काली महारानी को सबसे पहले स्थान दिया जाता है।

इसके बाद दक्षिणी और पूर्वी क्षेत्र की काली प्रतिमाएं निर्धारित क्रम में आगे बढ़ती हैं। बूढ़ानाथ क्षेत्र की प्रसिद्ध बम काली की प्रतिमा सबसे अंत में विसर्जन के लिए निकलती है।

स्टेशन चौक पर केंद्रीय महासमिति ने नियंत्रण और सहायता शिविर लगाया है। यहां से पूजा समितियों के बीच तालमेल और शोभायात्रा के संचालन पर नजर रखी जा रही है।

महासमिति के मीडिया प्रभारी राकेश रंजन केसरी और प्रवक्ता गिरीश चंद्र भगत ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। शोभायात्रा में अश्लील गाने बजाने और आपत्तिजनक झांकियां निकालने पर रोक लगाई गई है।

दोपहर एक बजे से शुरू होगा प्रतिमाओं का विसर्जन

बुधवार, 11 नवंबर को बड़ी खंजरपुर स्थित मुख्य काली विसर्जन घाट पर दोपहर एक बजे से प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होने का कार्यक्रम है।

इसके अलावा चंपा नदी घाट, मकदूम शाह दरगाह घाट और दूसरे निर्धारित स्थानों पर भी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव की निगरानी में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। भीड़ वाले चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।

प्रशासन ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से शोभायात्रा की निगरानी कर रहा है। वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

नाथनगर में प्रतिमाओं का विसर्जन, 32 फीट की बमकाली आज निकलेंगी

नाथनगर में भी मंगलवार को काली प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया। पूजा समिति के महामंत्री देवाशीष बनर्जी के अनुसार, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की 18 प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण माहौल में किया गया।

चंपानगर की श्यामा काली और मसकन बरारीपुर काली की प्रतिमाएं मकदूम शाह दरगाह घाट पर विसर्जित की गईं। नरगा की बुढ़िया काली को बंगाली टोला घाट पर विदाई दी गई।

वहीं बहबलपुर की प्रसिद्ध 32 फीट ऊंची बमकाली प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को होना है। इसे कंझिया बायपास मार्ग से चंपा नदी घाट तक ले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

कहलगांव से पीरपैंती तक काली पूजा की धूम

भागलपुर के कहलगांव, पीरपैंती, बिहपुर और जगदीशपुर में भी काली पूजा और विसर्जन के कार्यक्रम चल रहे हैं।

कहलगांव में महिलाओं ने माता को खोइछा और डालिया चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित प्रतिमा का कृत्रिम तालाब में विसर्जन किया गया। दूसरे इलाकों की प्रतिमाओं के विसर्जन का कार्यक्रम बुधवार को रखा गया है।

पीरपैंती में शेरमारी बाजार, सुंदरपुर और रेलवे स्टेशन परिसर की प्रतिमाओं को मंगलवार को विदाई दी गई। वहीं बिहपुर में औलियाबाद पुरानी काली मंदिर और झंडापुर कुंवर काली मंदिर की प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।

जगदीशपुर के हड़वा, कुंडी जमगांव, बलुआचक और कोला नारायणपुर में धार्मिक आयोजनों के साथ मेले भी लगे हैं।

Leave a comment