S&P रिपोर्ट: भारत की GDP FY27 में 7.1% बढ़ेगी, लेकिन ऊंची तेल कीमतें अर्थव्यवस्था के लिए खतरा

S&P ने FY27 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7.1% तक बढ़ाई। निजी खपत, निवेश और निर्यात सुधार इसे ट्रिगर करेंगे। तेल की बढ़ती कीमतें वित्तीय दबाव बढ़ा सकती हैं।
S&P रिपोर्ट: भारत की GDP FY27 में 7.1% बढ़ेगी, लेकिन ऊंची तेल कीमतें अर्थव्यवस्था के लिए खतरा

एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने FY27 के लिए भारत की GDP ग्रोथ 7.1% अनुमानित की है। निजी निवेश, खपत और निर्यात वृद्धि मुख्य कारण हैं। पश्चिम एशिया संघर्ष और तेल की बढ़ती कीमतें वित्तीय दबाव पैदा कर सकती हैं।

India GDP: एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स (S&P Global Ratings) ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के लिए भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट का अनुमान बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत कर दिया है। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि प्राइवेट कंजम्प्शन, निवेश और एक्सपोर्ट ग्रोथ इस बढ़त के सबसे बड़े ट्रिगर होंगे। हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी भारत की वित्तीय स्थिति पर दबाव डाल सकती है।

एसएंडपी की रिपोर्ट में बताया गया कि नए भू-राजनीतिक तनाव और व्यापार संबंधी अनिश्चितता के कारण भारत पर वस्तु कीमतों, व्यापार मात्रा और कैपिटल फ्लो में उतार-चढ़ाव का असर पड़ सकता है। इसके अलावा यदि कच्चे तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं तो भारत में ईंधन की कीमतें बढ़ सकती हैं। इसका उद्देश्य सब्सिडी लागत को नियंत्रित करना होगा। हालांकि इसका पूरा असर उपभोक्ताओं तक पहुंचने की संभावना कम बताई गई है।

FY26 में ग्रोथ का अनुमान 7.6 प्रतिशत

एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 0.4 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 7.6 प्रतिशत कर दिया है। वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के लिए वृद्धि अनुमान 0.2 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 7.1 प्रतिशत किया गया। एजेंसी ने कहा कि मजबूत निजी खपत, निजी निवेश में सुधार और ठोस निर्यात इसके मुख्य चालक होंगे।

महंगाई के कम स्तर से सामान्य होने का अनुमान है और वित्त वर्ष 2026-27 में महंगाई 4.3 प्रतिशत रहने की संभावना है। हालांकि, ऊंची कच्चे तेल की कीमतों से व्यापार घाटा बढ़ सकता है। वहीं, सेवाओं के व्यापार में मजबूत अधिशेष चालू खाते के घाटे को सीमित रखने में मदद करेगा।

तेल कीमतें और पश्चिम एशिया तनाव का असर

एसएंडपी ने चेताया है कि पश्चिम एशिया का तनाव एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं पर असर डाल सकता है। इन देशों में कई ऊर्जा के बड़े आयातक हैं और वे पश्चिम एशिया की आपूर्ति पर काफी हद तक निर्भर हैं। ऊंची ऊर्जा कीमतें खर्च करने की शक्ति को कम करती हैं और घरेलू मांग को कमजोर करती हैं। भारत, इंडोनेशिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड में उच्च तेल कीमतों के कारण सब्सिडी पर अधिक खर्च करना पड़ सकता है, जिससे वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ सकता है।

एसएंडपी ने कहा कि ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत अप्रैल-जून तिमाही में 92 डॉलर प्रति बैरल और 2026 में करीब 80 डॉलर प्रति बैरल रहने की संभावना है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति में व्यवधान अप्रैल की शुरुआत तक बना रह सकता है और उसके बाद धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। हालांकि यदि ऊर्जा बाजार में व्यवधान लंबा और गंभीर होता है, तो कीमतें और अधिक बढ़ सकती हैं।

RBI की संभावित नीति

एसएंडपी के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) फिलहाल नीतिगत दरों को स्थिर रखेगा और अपने रुख को न्यूट्रल बनाए रखेगा। लेकिन अगर जून तिमाही में ब्रेंट क्रूड औसतन 185 डॉलर प्रति बैरल और 2026 में करीब 130 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचता है, तो इससे उत्पन्न महंगाई के असर को देखते हुए RBI नीतिगत सख्ती कर सकता है। ऐसी स्थिति में वर्ष की दूसरी छमाही में ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना बन सकती है।

Leave a comment