राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गांव में बच्चों को चोरी की ट्रेनिंग देकर गैंग को सौंपने का मामला सामने आया है। 9 साल का बच्चा ग्वालियर में 11 लाख की चोरी में शामिल था। पुलिस जांच जारी है।
Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र का कड़िया सांसी गांव इन दिनों पुलिस जांच के केंद्र में है। इस गांव को लेकर सामने आई सच्चाई बेहद चौंकाने वाली है। यहां छह से सात साल के बच्चों को चोरी की बाकायदा ट्रेनिंग दी जाती है। खेल-कूद और पढ़ाई की उम्र में बच्चों को शादियों में चोरी करना सिखाया जाता है और फिर उन्हें अलग-अलग शहरों और राज्यों में वारदात के लिए भेजा जाता है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी गांव का 9 साल का बच्चा, जिसे ‘छोटू’ कहा जाता है, ग्वालियर में एक शादी समारोह के दौरान 11 लाख रुपए की चोरी में शामिल था। छोटू को सांसी गैंग का सरगना शिवा सिसोदिया अपने साथ ग्वालियर लेकर गया था। बताया गया कि छोटू को उसके पिता ने ही बचपन से चोरी की ट्रेनिंग दी थी और बाद में उसे गैंग को सालाना दो लाख रुपए के ठेके पर सौंप दिया गया।
दो लाख सालाना और हर चोरी पर कमीशन
पुलिस ने पिछले सप्ताह राजगढ़ जिले के बोडा कस्बे से सांसी गैंग के सदस्य संतोष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से 7 लाख 80 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान उसने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि बच्चों को गैंग में शामिल करने के लिए उनके परिजनों से सौदे किए जाते हैं। छोटू को भी इसी तरह गैंग को सौंपा गया था। ठेके की रकम दो लाख रुपए सालाना तय थी, इसके अलावा हर चोरी में बच्चे के हिस्से के रूप में 10 प्रतिशत कमीशन भी मिलता था।
![]()
जांच में यह भी सामने आया कि गैंग पूरे शादी सीजन में लगातार चोरी करती है। सीजन खत्म होने के बाद चोरी की रकम को एक जगह इकट्ठा कर सभी सदस्यों के बीच बंटवारा किया जाता है। बच्चों को भी इसी हिस्सेदारी का लालच दिया जाता है।
शादियों में चोरी से लेकर पकड़े जाने तक की पूरी ट्रेनिंग
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि बच्चों को चोरी की पूरी प्रोफेशनल ट्रेनिंग दी जाती थी। उन्हें सिखाया जाता था कि शादी में मेहमान बनकर कैसे घुसना है, किन जगहों पर नकदी और जेवर रखे जाते हैं और किस समय हाथ की सफाई दिखानी है।
इतना ही नहीं, बच्चों को यह भी समझाया जाता था कि अगर वे पकड़े जाएं तो क्या करना है। उन्हें बताया जाता था कि नाबालिग होने के कारण पुलिस ज्यादा सख्ती नहीं कर सकती। बच्चों को चुप रहने, डरने का नाटक करने और तबीयत खराब होने का बहाना बनाने जैसी बातें सिखाई जाती थीं, ताकि लोग और पुलिस दबाव में आ जाएं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क बच्चों को अपराध की दुनिया में धकेलने का संगठित प्रयास है, जिसे बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
CCTV से खुला मामला
28 नवंबर को ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित अभिनंदन वाटिका में एक शादी समारोह के दौरान 11 लाख रुपए चोरी हो गए थे। यह रकम एक रिटायर्ड बीएसएफ अधिकारी के बेटे के लगुन-फलदान कार्यक्रम के दौरान दी गई थी।
घटना के बाद पुलिस ने मैरिज गार्डन के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में 8-9 साल का एक बच्चा और एक युवक चोरी करते और रैकी करते नजर आए। जब फुटेज वायरल किए गए तो युवक की पहचान शातिर चोर शिवा सिसोदिया के रूप में हुई।
पुलिस को पहले से जानकारी थी कि शादियों में चोरी करने वाली गैंग राजगढ़ जिले के कुछ गांवों से जुड़ी है। जांच आगे बढ़ी तो संतोष सिसोदिया पकड़ा गया, जिसने बताया कि चोरी की रकम उसे छिपाने के लिए दी गई थी। हालांकि, गैंग का सरगना शिवा सिसोदिया अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
राजस्थान से आकर बसाया अपराध का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, कड़िया सांसी गांव में रहने वाले अधिकतर लोग मूल रूप से राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं। यहां आकर उन्होंने संगठित चोरी गैंग बना ली। गांव में चोरी के साथ-साथ अवैध शराब का कारोबार भी सक्रिय बताया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पुलिस सीधे गांव में दबिश देने से पहले पूरी रणनीति और फोर्स तैयार करती है। पुलिस अब बच्चों को अपराध में धकेलने वाले पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।











