आयरलैंड दौरे से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज Shane McDermott को नया असिस्टेंट और फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर-बल्लेबाज शेन मैकडरमॉट को टीम का नया असिस्टेंट कोच और फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। अनुभवी कोच मैकडरमॉट 1 अगस्त से अफगानिस्तान टीम के साथ अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब अफगानिस्तान क्रिकेट टीम आयरलैंड दौरे की तैयारी कर रही है। टीम को आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है और नई कोचिंग व्यवस्था के साथ यह दौरा उसके लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम से अलग होने के बाद मिली नई जिम्मेदारी
45 वर्षीय शेन मैकडरमॉट हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ अपने कार्यकाल को समाप्त करके अलग हुए थे। वह जुलाई 2025 से जुलाई 2026 तक पाकिस्तान टीम के ऑल-फॉर्मेट फील्डिंग कोच की भूमिका निभा रहे थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम से उनका हटना क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना था। अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें अपनी टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया है।
मैकडरमॉट अब अफगानिस्तान के मुख्य कोच रिचर्ड पाइबस के साथ काम करेंगे। रिचर्ड पाइबस ने फरवरी 2026 में जोनाथन ट्रॉट की जगह अफगानिस्तान टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। नई कोचिंग टीम का लक्ष्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार लाना और टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाना होगा।
फील्डिंग कोच के तौर पर लंबा अनुभव

शेन मैकडरमॉट को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फील्डिंग विशेषज्ञ के रूप में काफी अनुभव हासिल है। उन्होंने इससे पहले कई देशों की राष्ट्रीय टीमों के साथ काम किया है। मैकडरमॉट ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ करीब तीन साल तक असिस्टेंट फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा वह श्रीलंका क्रिकेट टीम के साथ भी लगभग तीन वर्षों तक जुड़े रहे।
उनकी विशेषज्ञता खिलाड़ियों की फिटनेस, फील्डिंग तकनीक और मैदान पर तेजी से फैसले लेने की क्षमता को बेहतर बनाने में मानी जाती है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि उनके अनुभव से टीम की फील्डिंग में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
आयरलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से शुरू होगा नया अध्याय
अफगानिस्तान टीम की नई कोचिंग व्यवस्था की पहली बड़ी परीक्षा आयरलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज होगी। इस सीरीज में रहमत शाह पहली बार वनडे टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 5 अगस्त को खेला जाएगा। शुरुआती दो वनडे मुकाबले ब्रेडी में 5 और 7 अगस्त को आयोजित होंगे। इसके बाद दोनों टीमें बेलफास्ट जाएंगी, जहां सीरीज के बाकी तीन मुकाबले 10, 12 और 15 अगस्त को खेले जाएंगे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस दौरे को टीम के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण मान रहा है। नई कप्तानी और नए कोचिंग स्टाफ के साथ टीम बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।
फगानिस्तान की टीम
रहमत शाह (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (उप-कप्तान), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, हशमतुल्लाह शाहिदी, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), नांग्याल खारोताई, राशिद खान, एएम गजनफर, यामीन अहमदजई, सलीम सफी, फजलहक फारूकी, जिया उर रहमान शरीफी।
रिजर्व प्लेयर: कैस अहमद, फरीद मलिक, बिलाल सामी, बशीर अहमद।











