अंता विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का समर्थन मिला है। महाराज ने गौ रक्षा की शपथ से प्रभावित होकर अंता की जनता से नरेश मीणा को वोट देने की अपील की है।
बांरा: राजस्थान की अंता विधानसभा सीट का उपचुनाव अब सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धार्मिक और सामाजिक आयाम भी ले चुका है। निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा को पहले आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल का समर्थन मिला था, और अब उन्हें ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ है। महाराज ने एक वीडियो संदेश जारी कर गौ रक्षा की शपथ लेने वाले नरेश मीणा के समर्थन में मतदाताओं से अपील की है।
गौ रक्षा की शपथ से प्रसन्न हुए शंकराचार्य
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि अंता विधानसभा क्षेत्र में अनेक प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन कोई भी “गौ माता की रक्षा” का वचन नहीं दे पाया। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 वर्षों बाद भी गौ वध नहीं रुका है, जबकि यह भारत की आत्मा से जुड़ा विषय है।
महाराज ने बताया कि उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि अंता क्षेत्र के युवक नरेश मीणा ने सार्वजनिक रूप से शपथ ली है कि यदि वह विजयी होते हैं, तो वे गौ माता की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करेंगे। महाराज ने कहा, “नरेश ने न केवल शपथ ली है, बल्कि पूरे समाज को यह आश्वासन दिया है कि वह धर्म और गौ सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”
नरोत्तम पारीक ने नरेश मीणा के समर्थन में नाम वापस लिया

शंकराचार्य ने बताया कि वे पहले नरोत्तम पारीक नामक व्यक्ति को गौ रक्षा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतारने पर विचार कर रहे थे। लेकिन जब नरेश मीणा ने गौ माता की रक्षा के लिए स्पष्ट प्रतिज्ञा की, तो पारीक ने अपना नामांकन नरेश मीणा के समर्थन में वापस ले लिया।
उन्होंने कहा, “हमने हमेशा धर्म और राष्ट्रहित में कार्य किया है। जब कोई युवा स्वयं गौ माता की रक्षा का वचन ले, तो उसका समर्थन करना हमारा कर्तव्य है। नरेश मीणा अब सिर्फ उम्मीदवार नहीं, बल्कि गौ रक्षा के प्रतीक हैं।”
मतदाताओं से की गौ माता के नाम पर मतदान की अपील
महाराज ने अंता क्षेत्र के मतदाताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, “अब तक आपने बिजली, पानी और सड़क के नाम पर वोट दिए। इस बार गौ माता की रक्षा के नाम पर वोट दीजिए। यह सिर्फ अंता की बात नहीं होगी, बल्कि पूरे देश के लिए संदेश जाएगा कि भारत की जनता अब गौ माता की गरिमा के लिए जाग उठी है।”
उन्होंने आगे कहा कि “जो सरकारें अब तक गौ माता की रक्षा को लेकर उदासीन थीं, वे जनता की आवाज़ सुनने को मजबूर होंगी।” महाराज ने मतदाताओं से नरेश मीणा के ‘गन्ना और किसान’ चुनाव चिन्ह पर बटन दबाने की अपील की।








