सरगुजा के बतौली थाना क्षेत्र में कपड़े की दुकान में आग लगने से करीब 30 लाख का माल जल गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। दमकल ने समय पर आग बुझाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
Chhattisgarh: सरगुजा जिले के अंबिकापुर-सीतापुर मुख्य मार्ग पर स्थित शांतिपारा इलाके में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यहां स्थित अमित क्लॉथ स्टोर्स से रात करीब ढाई बजे धुआं और आग की तेज लपटें निकलती दिखाई दीं। उस समय सड़क से गुजर रहे कुछ चारपहिया वाहन चालकों ने आग देखी और तुरंत गाड़ी रोककर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
दुकान के पास रहने वाले परमेश्वर गुप्ता को जब जगाया गया, तो उन्होंने तत्काल दुकान संचालकों को फोन कर घटना की सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान के शटर तपने लगे। लपटें बाहर तक साफ दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
दमकल की एक घंटे की कड़ी मशक्कत
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में लाने में दमकल कर्मियों को करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग कपड़े की दुकान तक ही सीमित रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
![]()
दमकल कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से दुकान से लगी किराना दुकान और पीछे स्थित मकान को आग से सुरक्षित बचा लिया गया। समय पर आग नहीं बुझती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
30 लाख का कपड़ा जला
अमित क्लॉथ स्टोर्स के संचालक नवीन गुप्ता ने बताया कि वे रोज की तरह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। उनका परिवार दुकान के पीछे बने मकान में ही रहता है। देर रात अचानक आग लगने की खबर मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे।
नवीन गुप्ता के अनुसार, आगजनी में करीब 30 लाख रुपए का कपड़ा पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा दुकान में रखा करीब 5 लाख रुपए से अधिक का फर्नीचर भी आग की भेंट चढ़ गया। दुकान के अंदर बने कमरे तक धुआं भर गया था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई थी।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बतौली थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दुकान संचालक से जानकारी जुटाई।
पुलिस का कहना है कि आग की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल घटना से दुकान संचालक और उसका परिवार गहरे सदमे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर सूचना और दमकल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, नहीं तो आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैल सकती थी।








