Pakistan Cricket Board ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान Shaheen Afridi को सौंपी गई है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को बाहर कर दिया गया है, जबकि स्टार बल्लेबाज बाबर आजम की वापसी हुई है।
टीम की कमान तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को सौंपी गई है, जो हाल के समय में पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बाबर आजम की वापसी, कई बड़े खिलाड़ियों की एंट्री
Babar Azam की वनडे टीम में वापसी को इस चयन का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है। उनके साथ टीम में अनुभवी ऑलराउंडर शादाब खान, तेज गेंदबाज नसीम शाह और हारिस रऊफ को भी शामिल किया गया है। Haris Rauf की टीम में मौजूदगी से पाकिस्तान की तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा सूफियान मुकीम को भी टीम में जगह दी गई है, जिन्होंने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं लिया था।
सबसे चौंकाने वाला फैसला मोहम्मद रिजवान को टीम से बाहर करना रहा। उनके अलावा फखर जमां और सैम अयूब भी चोट और फिटनेस कारणों से चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। टीम में युवा खिलाड़ियों को भी अवसर दिया गया है। अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास और रोहेल नजीर जैसे खिलाड़ियों को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है, जो पाकिस्तान क्रिकेट के भविष्य की दिशा को दर्शाता है। दो विकेटकीपर के तौर पर मुहम्मद गाजी घोरी और रोहेल नजीर को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

पाकिस्तान की 15 सदस्यीय वनडे टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उपकप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), रोहेल नजीर (विकेटकीपर), नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सूफियान मुकीम।
सीरीज का कार्यक्रम
ऑस्ट्रेलिया की टीम 23 मई को पाकिस्तान पहुंचेगी। तीन मैचों की यह वनडे सीरीज 30 मई से शुरू होगी। पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा वनडे 2 जून को और तीसरा व अंतिम मैच 4 जून को लाहौर में आयोजित होगा। दोनों टीमों के बीच पिछली वनडे सीरीज में पाकिस्तान ने 22 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था, जो उनके लिए ऐतिहासिक जीत मानी गई थी।










