सतना में नई सड़क उखड़ते ही भड़कीं मंत्री बागरी: घटिया निर्माण पर सख्त, ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

सतना में नई सड़क निरीक्षण पर उखड़ गई। मंत्री प्रतिमा बागरी ने ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द किया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
सतना में नई सड़क उखड़ते ही भड़कीं मंत्री बागरी: घटिया निर्माण पर सख्त, ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

सतना के रैगांव क्षेत्र में नई सड़क निरीक्षण के दौरान उखड़ गई। मंत्री प्रतिमा बागरी ने घटिया निर्माण पर नाराजगी जताई और ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने के निर्देश दिए। पूरे मामले की जांच के आदेश भी दिए गए।

Madhya Pradesh: सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रविवार शाम नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित सड़कों का निरीक्षण कर रही थीं। इसी दौरान कोठी तहसील के पोड़ी–मनकहरी मार्ग पर हाल ही में नवीनीकृत सड़क की गुणवत्ता देखकर वे भड़क गईं। मंत्री जैसे ही सड़क पर उतरीं और उसका निरीक्षण किया, सड़क की ऊपरी परत पैरों से ही उखड़ने लगी। यह दृश्य देखकर मंत्री ने इसे गंभीर लापरवाही बताया और कहा कि यह सड़क नहीं बल्कि जनता के पैसे की बर्बादी है।

3 किलोमीटर सड़क में सिर्फ खानापूर्ति

जानकारी के अनुसार, लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क का हाल ही में नवीनीकरण किया गया था। कागजों में इसे नया और मजबूत बताया गया, लेकिन हकीकत में सड़क कई जगहों से उखड़ी हुई नजर आई।

डामर की परत न तो तय मोटाई में डाली गई थी और न ही निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया। कई स्थानों पर सड़क की सतह इतनी कमजोर थी कि हाथ लगाने भर से परत निकल रही थी। इससे साफ जाहिर होता है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया।

स्थानीय लोगों ने भी मंत्री को बताया कि सड़क बनने के कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी थी, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

अधिकारियों के जवाब से असंतुष्ट रहीं मंत्री

निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रतिमा बागरी ने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री बी.आर. सिंह से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर जवाब मांगा। कार्यपालन यंत्री ने स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश की और कहा कि “कुछ हिस्सों को पहले ही अस्वीकृत किया गया है।” 

हालांकि मंत्री मौके की हालत देखकर पूरी तरह असंतुष्ट नजर आईं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सिर्फ कुछ हिस्सों की नहीं, बल्कि पूरी सड़क की खराबी है। मंत्री ने इसे विभागीय लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी करार दिया।

ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

मंत्री प्रतिमा बागरी ने मौके पर ही ठेकेदार का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जनता के टैक्स के पैसों से बनने वाले कार्यों में भ्रष्टाचार या लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

Leave a comment