स्विट्जरलैंड: नए साल के जश्न में बार में आग, 40 लोगों की मौत, मालिक ने कहा- 'हम खाना-सोना भूल गए'

स्विट्जरलैंड: नए साल के जश्न में बार में आग, 40 लोगों की मौत, मालिक ने कहा- 'हम खाना-सोना भूल गए'

स्विट्जरलैंड के क्रांस-मोंटाना में नए साल की रात एक भीषण हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। स्की रिजॉर्ट में स्थित ले कॉन्स्टेलेशन बार में अचानक आग लगने से 40 लोगों की मौत हो गई और 119 लोग घायल हुए। इस हादसे ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों में शोक की लहर दौड़ा दी। 

World News: स्विट्जरलैंड में नए साल का जश्न कई लोगों के लिए मातम में बदल गया। स्की रिजॉर्ट क्रांस-मोंटाना में स्थित एक बार में लगी आग ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 40 लोगों की मौत हो गई और 119 लोग घायल हुए। बार के मालिक जैक्स मोरेटी और उनकी पत्नी जेसिका इस बार का संचालन कर रहे थे। 

जैक्स एक फ्रांसीसी नागरिक हैं और स्विट्जरलैंड में अपने बार का संचालन कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले 10 सालों में बार का तीन बार निरीक्षण हो चुका है। इस घटना से बार के मालिक को भी गहरा झटका लगा है।

बार के मालिक का बयान

जैक्स मोरेटी ने ट्रिब्यून डी जिनेवा को दिए इंटरव्यू में कहा, हमें इस घटना से गहरा सदमा लगा है। हम न सो पा रहे हैं और न ही खा पा रहे हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि जांच में सहयोग करें और कारण का पता लगाएँ। जैक्स और उनकी पत्नी जेसिका मोरेटी मिलकर बार को मैनेज करते थे। हादसे के समय जैक्स बाहर थे, लेकिन जेसिका बार में मौजूद थीं और उन्हें मामूली चोटें आई हैं।

जैक्स ने बताया कि पिछले 10 सालों में बार का तीन बार निरीक्षण किया गया है। उनका कहना है कि "सबकुछ समय के मुताबिक चल रहा था, लेकिन यह हादसा अचानक हुआ।

आग कैसे लगी?

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आग का कारण शैम्पेन की बोतलों पर लगी ‘फाउंटेन कैंडल्स’ थी। फाउंटेन कैंडल्स को ऊपर उठाया गया, जिससे आग छत तक फैल गई और पलक झपकते ही पूरे बार को अपनी चपेट में ले लिया। आग बार के बेसमेंट से शुरू हुई और तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर से बाहर निकलने का मार्ग संकीर्ण सीढ़ियों से गुजरता था। इसी कारण लोग सुरक्षित बाहर नहीं निकल पाए और 40 लोगों की जान चली गई।

ले कॉन्स्टेलेशन बार को जैक्स और जेसिका ने 2015 में खरीदा था। क्रांस-मोंटाना की वेबसाइट के अनुसार, बार के ग्राउंड फ्लोर पर 300 लोग बैठ सकते थे, जबकि छत पर 40 लोगों की बैठने की व्यवस्था थी। हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर और बेसमेंट में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

40 की मौत से पसरा मातम

क्रांस-मोंटाना में नए साल का जश्न मातम में बदल गया। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों तक जानकारी पहुँचाने का काम जारी है। जैक्स मोरेटी ने मीडिया से कहा, “हम इस त्रासदी के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करते हैं। हम हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हमारी प्राथमिकता अब घायलों की देखभाल और मृतकों के परिजनों को सहायता पहुँचाना है।

Leave a comment