बांग्लादेश क्रिकेट में इन दिनों भारी विवाद और तनाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में बांग्लादेश टीम के खिलाड़ियों ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के डॉयरेक्टर नजमुल इस्लाम के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
स्पोर्ट्स न्यूज़: पिछले कुछ हफ्तों से बांग्लादेश क्रिकेट और विवाद लगातार जुड़े नजर आ रहे हैं। हालात तब और बिगड़े जब बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया। यह फैसला उस समय सामने आया, जब देश में नाराजगी बढ़ने के बाद BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने को कहा था।
हालांकि विवाद यहीं नहीं थमा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के निदेशक नजमुल इस्लाम के बयानों ने क्रिकेट जगत में तूफान खड़ा कर दिया। उनके बयानों से नाराज होकर बांग्लादेश के क्रिकेटरों ने सभी तरह की क्रिकेट गतिविधियों का बहिष्कार करने की धमकी दी है और उनके इस्तीफे की मांग की है।
विवाद की शुरुआत
बांग्लादेश क्रिकेट और विवाद एक-दूसरे से जुड़े नजर आ रहे हैं। T20 वर्ल्ड कप से हटने के फैसले के बाद BCCI ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया। वहीं, नजमुल इस्लाम ने अपने विवादित बयानों में कहा कि अगर बांग्लादेश टीम वर्ल्ड कप से हटती है, तो बोर्ड को कोई नुकसान नहीं होगा। नुकसान खिलाड़ियों को मैच फीस के रूप में भुगतना पड़ेगा।
नजमुल ने यह भी कहा कि खिलाड़ियों को मुआवजा क्यों दिया जाए, जबकि बोर्ड उन पर करोड़ों खर्च करता है। उनके इस बयान को लेकर खिलाड़ियों में भारी नाराजगी है।

खिलाड़ियों का गुस्सा
बांग्लादेश के खिलाड़ियों ने इस बयान को अपमानजनक करार दिया है। क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने चेतावनी दी कि अगर नजमुल इस्लाम इस्तीफा नहीं देते, तो खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरेंगे। उन्होंने कहा, “बोर्ड के एक डॉयरेक्टर द्वारा खिलाड़ियों के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। अगर उन्होंने कल के मैच से पहले इस्तीफा नहीं दिया, तो हम सभी क्रिकेट गतिविधियों का बहिष्कार करेंगे।”
मोहम्मद मिथुन ने यह भी कहा कि यह सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्रिकेट समुदाय के लिए गहरा आघात है। मौजूदा विवाद के चलते 15 जनवरी को होने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के मैच भी खतरे में हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि नजमुल इस्लाम द्वारा तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट कहने पर उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। तमीम ने बोर्ड से बांग्लादेश क्रिकेट के हित में फैसला लेने का अनुरोध किया था।
BCB ने बनाई दूरी
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नजमुल इस्लाम के बयानों से दूरी बना ली है। बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि ये बयान BCB के मूल्यों और सिद्धांतों के खिलाफ हैं। BCB ने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी खिलाड़ी का अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने कहा, इस तरह के बयान का बोर्ड से कोई लेना-देना नहीं है। हम खिलाड़ियों के योगदान और उनके हित को सर्वोच्च मानते हैं।












