TCS Stock: TCS शेयर में 27% गिरावट, ₹4 लाख करोड़ मार्केट वैल्यू गायब

TCS Stock: TCS शेयर में 27% गिरावट, ₹4 लाख करोड़ मार्केट वैल्यू गायब

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS की मार्केट वैल्यू एक साल में ₹15.44 लाख करोड़ से घटकर ₹11.32 लाख करोड़ रह गई है। 27% की इस गिरावट के साथ कंपनी अपने प्रतिद्वंद्वियों इन्फोसिस और एचसीएलटेक से पीछे चली गई है।

TCS Stock: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर दबाव बढ़ता जा रहा है। कभी मार्केट की सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनी मानी जाने वाली TCS अब वैल्यूएशन, मुनाफे और मार्केट हिस्सेदारी में अपने प्रतिद्वंद्वियों इन्फोसिस और एचसीएलटेक से पीछे रह गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि कंपनी का प्रदर्शन कमजोर हुआ है और आने वाले महीनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

14 साल बाद TCS की वैल्यू घटी

साल 2011 से 2024 की शुरुआत तक यानी पूरे 14 साल तक TCS हमेशा बाकी आईटी कंपनियों से ऊंचे वैल्यूएशन पर ट्रेड करती थी। उस दौरान इसका औसत वैल्यूएशन 25.5 गुना था, जो सेक्टर के औसत से 15% ज्यादा था। लेकिन अब स्थिति उलट चुकी है। वर्तमान में TCS का शेयर 22.5 गुना पी/ई पर चल रहा है, जो इन्फोसिस (22.9 गुना) और एचसीएलटेक (25.5 गुना) दोनों से कम है। यह पहली बार है जब टीसीएस की वैल्यू अपने दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों से नीचे आ गई है।

आईटी सेक्टर में घटता दबदबा

TCS का आईटी सेक्टर में मार्केट शेयर लगातार घट रहा है। कंपनी अब निफ्टी 50 की पांच बड़ी आईटी कंपनियों के कुल बाजार मूल्य का केवल 43.4% हिस्सा रखती है, जबकि मार्च 2020 में यह हिस्सा 55% था। बुधवार तक टीसीएस का मार्केट वैल्यू लगभग ₹11.3 लाख करोड़ रह गया, जबकि पांचों प्रमुख आईटी कंपनियों का कुल मूल्य करीब ₹26.1 लाख करोड़ था। इससे साफ है कि कोविड के बाद आईटी सेक्टर पर दबाव बढ़ा, लेकिन टीसीएस पर इसका असर सबसे ज्यादा पड़ा।

महामारी के बाद गिरा टीसीएस का मार्केट कैप

महामारी के दौरान आईटी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी आई थी, लेकिन पिछले दो सालों से इस सेक्टर में डिरेटिंग (मूल्य गिरावट) देखने को मिल रही है। इस गिरावट का सबसे ज्यादा असर टीसीएस पर पड़ा है। सितंबर 2024 में इसका मार्केट कैप ₹15.44 लाख करोड़ के उच्च स्तर पर था, जो अब घटकर ₹11.32 लाख करोड़ रह गया है। यानी कंपनी की वैल्यू लगभग 27% कम हो चुकी है। दूसरी ओर, पांच बड़ी आईटी कंपनियों का कुल मार्केट कैप दिसंबर 2024 के ₹32.67 लाख करोड़ से घटकर ₹26.1 लाख करोड़ हुआ है, यानी 20% की गिरावट।

वैल्यूएशन में आई तेज गिरावट

टीसीएस का वैल्यूएशन अब बाकी आईटी कंपनियों की तुलना में तेजी से घटा है। कंपनी का पी/ई मल्टीपल सितंबर 2024 में 32.6 गुना था, जो अब 22.5 गुना रह गया है। सितंबर 2021 में यह 38.2 गुना के उच्च स्तर पर था। दूसरी ओर, पांच बड़ी आईटी कंपनियों का औसत पी/ई सितंबर 2024 में 30.4 गुना से घटकर अब 23 गुना रह गया है। यानी वैल्यूएशन की गिरावट टीसीएस में ज्यादा गहरी रही है।

कमाई की धीमी रफ्तार बनी बड़ी समस्या

टीसीएस की कमाई की गति अब कमजोर पड़ चुकी है। पिछले चार तिमाहियों में कंपनी का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर सिर्फ 4.4% बढ़ा है, जबकि पांच बड़ी आईटी कंपनियों का कुल मुनाफा 6% बढ़ा है। सितंबर 2025 तक के 12 महीनों में टीसीएस का शुद्ध लाभ ₹50,294 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹48,158 करोड़ था। विशेषज्ञों के अनुसार, कंपनी का मार्जिन घटा है और निवेशक अब इसके शेयर को पहले की तरह प्रीमियम कीमत पर खरीदने को तैयार नहीं हैं।

Leave a comment