टीवी की चर्चित और पसंदीदा जोड़ी युविका चौधरी और प्रिंस नरूला जल्द ही शो ‘द 50’ में नजर आने वाले हैं। इससे पहले युविका चौधरी ने अपनी निजी जिंदगी और प्रिंस के साथ रिश्ते को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: टीवी इंडस्ट्री की चर्चित और लोकप्रिय जोड़ी युविका चौधरी और प्रिंस नरूला एक बार फिर साथ नजर आने के लिए तैयार हैं। दोनों जल्द ही रियलिटी शो ‘The 50’ में बतौर कपल कंटेस्टेंट एंट्री करने वाले हैं। यह खास इसलिए भी है क्योंकि बेटी के जन्म के बाद यह पहला मौका होगा, जब दोनों किसी रियलिटी शो में एक साथ दिखाई देंगे। शो में शामिल होने से पहले युविका चौधरी ने अपनी निजी जिंदगी, मातृत्व, IVF के संघर्ष और पति प्रिंस नरूला के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है।
फैंस की वजह से यहां तक पहुंचे हैं – युविका
युविका का कहना है कि The 50 एक फैन-बेस्ड रियलिटी शो है और उन्होंने यह शो सिर्फ अपने चाहने वालों की वजह से स्वीकार किया। उनके मुताबिक, आज मैं और प्रिंस जहां भी हैं, वह सिर्फ हमारे फैंस की वजह से हैं। यह शो उनके लिए है। अगर हम जीतते हैं, तो वह जीत हमारी नहीं, बल्कि हमारे फैंस की होगी।
![]()
युविका ने अपने IVF सफर और मां बनने के अनुभव को बेहद भावुक शब्दों में साझा किया। उन्होंने कहा कि यह दौर आसान नहीं था, लेकिन इसी ने उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाया। IVF, प्रेग्नेंसी और फिर मां बनना – हर पड़ाव ने मुझे तोड़ा भी और गढ़ा भी। असली सर्वाइवल मैंने जिंदगी में किया है, शो में नहीं।
उनके मुताबिक, The 50 सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं बल्कि पर्सनैलिटी टेस्ट है, जहां वह खुद को एक नए रूप में देखना चाहती हैं। युविका ने साफ कहा कि अब वह पहले जैसी इममैच्योर नहीं रहीं। हालात जैसे होंगे, जवाब भी वैसा ही मिलेगा।
बिग बॉस से शुरू हुई प्रेम कहानी, अब बेटी के साथ नया अध्याय
युविका और प्रिंस की लव स्टोरी बिग बॉस से शुरू हुई थी। इसके बाद नच बलिए जीतना और फिर शादी – यह सफर फैंस के लिए किसी फिल्म से कम नहीं रहा। युविका कहती हैं कि पिछले सात सालों में उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। अब हमारी बेटी एकलीन हमारी दुनिया है। ऐसा लगता है जैसे जिंदगी का पहला चैप्टर खत्म हो गया है और अब दूसरा शुरू हुआ है।
युविका ने स्वीकार किया कि डेढ़ साल की बेटी को छोड़कर शो में जाना उनके लिए बेहद मुश्किल फैसला था। मदर गिल्ट सच होता है। बच्चे को पीछे छोड़ना दिल तोड़ देता है, लेकिन कभी-कभी अपने बच्चों के भविष्य के लिए खुद को मजबूत दिखाना भी जरूरी होता है। उन्होंने यह भी बताया कि IVF और प्रेग्नेंसी के बाद उनका शरीर पूरी तरह बदल चुका है और डॉक्टरों के मुताबिक पूरी रिकवरी में समय लगता है। इसके बावजूद उन्होंने शो के लिए हिम्मत जुटाई।
![]()
प्रिंस से ज्यादा प्रतियोगी हूं मैं
युविका ने मजाकिया लेकिन सटीक अंदाज में कहा कि वह प्रिंस से ज्यादा प्रतियोगी हैं। मैं कम बोलती हूं, लेकिन धैर्य की परीक्षा ली जाए तो रुकती नहीं। पहले मैं चुप रह जाती थी, अब नहीं। युविका ने माना कि उनकी शादी भी परफेक्ट नहीं रही, लेकिन उन्होंने और प्रिंस ने कभी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। उनका मानना है कि The 50 उनका रिश्ता और मजबूत करेगा, क्योंकि प्रिंस का रियलिटी शो का अनुभव उनके बहुत काम आएगा।












