टोहाना वार्ड नंबर 12 में लगी भीषण आग, मकान में एक कमरा का सामान जलकर खाक

टोहाना वार्ड नंबर 12 में लगी भीषण आग, मकान में एक कमरा का सामान जलकर खाक

टोहाना वार्ड 12 में मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। फायर ब्रिगेड ने समय पर आग पर काबू पाया और गैस सिलेंडर बचाया। लाखों का सामान जलकर राख हो गया। पार्षद ने पीड़ित परिवार को मदद की मांग की।

Haryana: फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के शीतला माता मंदिर रोड पर स्थित एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। मकान में रखा बेड, कपड़े, फ्रिज, सोफा और कूलर सहित करीब चार से पांच लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में मकान का एक कमरा पूरी तरह जल गया।

मकान मालिक अमीन सिंह ने बताया कि वह खुद ड्राइवरी का काम करते हैं और आग लगने के समय बाजार में थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। पत्नी उस समय टिफिन सर्विस के लिए खाना बनाने गई थी। उनके सास-ससुर घर के नीचे के कमरे में रहते थे।

फायर ब्रिगेड ने बचाया बड़ा हादसा

आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान पास के सोनू सर्विस स्टेशन ने पानी उपलब्ध कराकर मदद की। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने समय रहते आग की चपेट में आए एक गैस सिलेंडर को बाहर निकाल लिया। इससे संभावित विस्फोट टल गया और आसपास के मकानों की सुरक्षा बनी रही।

पुलिस और फायर ब्रिगेड ने कहा कि आग लगने का मुख्य कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट था। अगल-बगल के पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की।

पार्षद ने दौरा कर किया परिवार की मदद की मांग

वार्ड तीन के पार्षद धर्मपाल ने घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। पिता बीमार रहते हैं और पत्नी साफ-सफाई का काम करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं। पार्षद ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपील की कि परिवार को हुए नुकसान की भरपाई की जाए, ताकि उनका जीवन यापन सुचारु रूप से हो सके।

पड़ोसी और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार के लिए मदद का भरोसा दे रहे हैं। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Leave a comment