Columbus

ट्रंप की मिसाइल धमकी पर रूस ने दी चेतावनी, विनाशकारी परिणाम की जताई संभावना

ट्रंप की मिसाइल धमकी पर रूस ने दी चेतावनी, विनाशकारी परिणाम की जताई संभावना

डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइल देने की धमकी पर रूस ने चिंता जताई। मेदवेदेव और पुतिन ने कहा कि इस कदम के गंभीर और विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय तनाव बढ़ सकता है।

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में धमकी दी थी कि यदि रूस यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) समाप्त नहीं करता है, तो अमेरिका यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें (Tomahawk Cruise Missiles) देने पर विचार कर सकता है। ट्रंप के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है और रूस ने तुरंत इस पर प्रतिक्रिया दी। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद उपाध्यक्ष दमित्री मेदवेदेव ने चेतावनी देते हुए कहा कि टॉमहॉक मिसाइलों की आपूर्ति विनाशकारी परिणाम ला सकती है।

खतरे की चेतावनी

दमित्री मेदवेदेव ने रूस के मेसेंजर ऐप ‘मैक्स’ पर पोस्ट लिखकर कहा कि टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति किसी भी पक्ष के लिए फायदेमंद नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टॉमहॉक के परमाणु संस्करण और पारंपरिक संस्करण में अंतर करना मुश्किल है और उनका प्रक्षेपण अमेरिका द्वारा नियंत्रित किया जाएगा। इस कदम के गंभीर परिणाम रूस के लिए विनाशकारी हो सकते हैं और यह स्थिति सभी पक्षों के लिए तनावपूर्ण होगी।

क्रेमलिन ने जताया समर्थन

मेदवेदेव के बयान का समर्थन क्रेमलिन ने भी किया। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा कि टॉमहॉक मिसाइलों के संचालन के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी अनिवार्य होगी। इसके चलते कीव में मिसाइलों की आपूर्ति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पेस्कोव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि यह एक स्पष्ट तथ्य है कि विशेषज्ञों की उपस्थिति के बिना ऐसी अत्याधुनिक मिसाइलों का संचालन असंभव है।

रूसी सैन्य विशेषज्ञों का नजरिया

रूसी सैन्य विशेषज्ञ मिखाइल खोदारियोनोक ने कहा कि सोवियत काल से अमेरिकी टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को परमाणु हथियार के रूप में वर्गीकृत किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि इन मिसाइलों के प्रक्षेपण से रूस की मिसाइल-रोधी रक्षा प्रणाली (Missile Defense System) सक्रिय हो जाएगी और स्वचालित प्रतिक्रिया शुरू हो सकती है।

पुतिन ने क्या कहा

हाल ही में ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि यदि टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों का प्रयोग अमेरिका द्वारा किया जाता है, तो ये रूस के अंदर लक्षित निशानों तक पहुंचाई जाएंगी। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस को संभावित नुकसान को कम करने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा (Air Defense) को मजबूत करना होगा, लेकिन इससे रूस और अमेरिका के संबंधों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

टॉमहॉक क्रूज मिसाइल के बारे में जानकारी

टॉमहॉक अमेरिका की सबसे खतरनाक मिसाइलों में से एक मानी जाती है। यह क्रूज मिसाइल सभी अमेरिकी युद्धपोतों पर तैनात है। टॉमहॉक मिसाइल की सबसे खास बात यह है कि यह रडार और एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है। इसे 2000 किलोमीटर की दूरी से भी छोड़ा जा सकता है और यह अपने टारगेट पर सटीक हमला कर सकती है। टॉमहॉक मिसाइल को हवा में गाइड किया जा सकता है, जिससे अगर टारगेट अपना स्थान बदलता है तो मिसाइल उसका पीछा कर उसे बर्बाद कर सकती है। इसकी परमाणु और पारंपरिक दोनों संस्करणों की पहचान करना बेहद मुश्किल है।

Leave a comment