U19 Asia Cup Final 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला आज, जानें लाइव स्ट्रीमिंग और टाइमिंग

U19 Asia Cup Final 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच आज सुबह 10:30 बजे फाइनल मैच खेला जाएगा। जानें मैच की टाइमिंग, लाइव स्ट्रीमिंग और किस चैनल पर होगा प्रसारण।

IND vs PAK U19 Asia Cup Final 2026 आज 14 नवंबर को खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें ओमान में आमने-सामने होंगी। मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। जानिए टीवी पर किस चैनल और मोबाइल पर कहां देख सकेंगे लाइव मैच।

स्पोर्ट्स न्यूज़: अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम के पास ग्रुप मुकाबले में मिली हार का हिसाब बराबर करने का मौका है। वहीं, पाकिस्तान अब तक टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा है। लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी वाली टीम इंडिया खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

भारत-पाकिस्तान का फाइनल कब और कहां खेला जाएगा?

भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल शनिवार, 14 नवंबर 2026 को खेला जाएगा। मुकाबले की मेजबानी ओमान का अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड करेगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। टॉस सुबह 10 बजे निर्धारित है। क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यह मुकाबला खास रहने वाला है, क्योंकि दोनों टीमें टूर्नामेंट में दूसरी बार आमने-सामने होंगी।

इससे पहले 8 नवंबर को खेले गए ग्रुप मैच में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। भारतीय टीम ने उस मुकाबले में 208 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने 48.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

किस चैनल पर देख सकेंगे भारत-पाकिस्तान का लाइव मैच?

भारत में अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। दर्शक अपने टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स के चैनलों के जरिए मुकाबला देख सकेंगे। वहीं, मोबाइल और लैपटॉप पर मैच देखने वाले दर्शकों के लिए SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी। ऑनलाइन मैच देखने के लिए दर्शकों को प्लेटफॉर्म की सब्सक्रिप्शन शर्तों का ध्यान रखना होगा। भारत के बाहर रहने वाले दर्शकों के लिए प्रसारण की सुविधा अलग हो सकती है। अमेरिका और कनाडा में Willow TV के जरिए मैच देखा जा सकेगा।

ग्रुप मैच में पाकिस्तान ने कैसे पलटी थी बाजी?

ग्रुप मुकाबले में भारत की शुरुआत अच्छी रही थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय खिलाड़ियों ने स्कोरबोर्ड पर 208 रन लगाए। अर्जुन राजपूत ने शतक जड़कर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। जवाब में पाकिस्तान की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। उसके पांच बल्लेबाज महज 61 रन पर पवेलियन लौट चुके थे। मैच उस समय पूरी तरह भारत के पक्ष में जाता दिख रहा था।

इसके बाद हमजा जहूर ने एक छोर संभाल लिया। विकेट गिरते रहे, लेकिन उन्होंने अपना विकेट नहीं गंवाया। हमजा ने 108 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और तीन छक्के निकले। उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तान ने तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया। अब फाइनल में भारत की कोशिश होगी कि हमजा को बड़ी पारी खेलने का मौका न मिले।

आर्यवीर सहवाग की बल्लेबाजी और ईशान सूद की गेंदबाजी पर नजर

भारतीय अंडर-19 टीम के लिए आर्यवीर सहवाग ने इस टूर्नामेंट में खूब रन बनाए हैं। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर चार मैचों में 303 रन बना चुके हैं। उनकी बल्लेबाजी को देखते हुए फाइनल में भी उनसे अच्छी पारी की उम्मीद रहेगी।

टीम में राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं। वह विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे हैं। वहीं, गेंदबाजी में ईशान सूद का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है। उन्होंने चार मैचों में 11 बल्लेबाजों को आउट किया है। पाकिस्तान के खिलाफ भारत को शुरुआती विकेट चाहिए होंगे और इसमें सूद की गेंदबाजी अहम हो सकती है।

कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाजी की थी। अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में उनके बल्ले से 93 रन निकले थे। फाइनल में टीम चाहेगी कि कप्तान एक बार फिर जिम्मेदारी संभालें और पाकिस्तान के खिलाफ पिछली हार का हिसाब बराबर करें।

U19 Asia Cup Final 2026: भारत-पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला आज, जानें लाइव स्ट्रीमिंग और टाइमिंग

सेमीफाइनल में दोनों टीमों का कैसा रहा प्रदर्शन?

भारत ने 12 नवंबर को खेले गए सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया था। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रन बनाए। भारत ने 36.5 ओवर में दो विकेट खोकर 230 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। इस मैच में लक्ष्य रायचंदानी ने 93 रन बनाए, जबकि आर्यवीर सहवाग ने 51 और वीके विनीत ने नाबाद 57 रन की पारी खेली।

दूसरी ओर, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। बांग्लादेश की टीम 138 रन पर सिमट गई थी। पाकिस्तान ने केवल एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पाकिस्तान के रिजवानुल्लाह ने सेमीफाइनल में पांच विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

फाइनल में किस टीम का पलड़ा भारी?

पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी मैच जीते हैं। इसके अलावा वह पिछली बार का चैंपियन भी है। ऐसे में टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ फाइनल खेलने उतरेगी। भारत के पास मजबूत बल्लेबाजी और अच्छी गेंदबाजी है। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी, आर्यवीर सहवाग और अर्जुन राजपूत से बड़ी पारियों की उम्मीद होगी। वहीं, ईशान सूद पर पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाजों को रोकने की जिम्मेदारी रहेगी। भारतीय टीम ने अब तक आठ बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता है। अगर भारत इस बार जीत दर्ज करता है तो वह नौवीं बार चैंपियन बनेगा।

दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्या पटेल, मनल चौहान, मोहित उलवा, यशवीर गौड़, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान, रजत बघेल, शाविन विनोद, आर्यन सवसानी, कुशाग्र ओझा

पाकिस्तान: उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्याम, फरहान यूसुफ (कप्तान), नकाब शफीक, रिजवानुल्लाह, हुजैफा अहसन, अब्दुल सुभान, मोहम्मद हुजैफा, हयाम खान

Leave a comment