UP B.Ed JEE 2026 परीक्षा में एंट्री के लिए साथ रखें ये जरूरी दस्तावेज, नहीं तो रुक जाएगी एंट्री

UP B.Ed JEE 2026 परीक्षा 31 मई को होगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, फोटो ID और पासपोर्ट फोटो साथ लाना जरूरी, वरना एंट्री नहीं मिलेगी।

UP B.Ed JEE 2026 परीक्षा 31 मई को दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र की कॉपी और फोटो साथ लाना अनिवार्य किया गया है। सुरक्षा और बायोमैट्रिक जांच के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मेरठ: उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 31 मई को होने वाली परीक्षा में मेरठ समेत छह जिलों के 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है। नियमों का पालन नहीं करने पर केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।

दो पालियों में आयोजित होगी परीक्षा

UP B.Ed JEE 2026 परीक्षा 31 मई को दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय क्षेत्र के अंतर्गत मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर जिलों में कुल 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में करीब 30 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।

गाजियाबाद जिले में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि अभ्यर्थियों की संख्या के मामले में मेरठ दूसरे स्थान पर है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि सभी केंद्रों पर परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

परीक्षा केंद्र पर ये दस्तावेज लाना अनिवार्य

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों को साफ निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र, उसकी फोटोयुक्त प्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। अगर कोई अभ्यर्थी इनमें से जरूरी दस्तावेज नहीं लाता है, तो उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी को वही फोटो साथ लानी होगी, जो ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में अपलोड की गई थी। पहली पाली में कक्ष निरीक्षक प्रवेश पत्र की फोटोयुक्त प्रति भी जमा कराएंगे। प्रशासन ने छात्रों को परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है, ताकि जांच प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

सुरक्षा और बायोमैट्रिक जांच रहेगी सख्त

परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा और निगरानी के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। इसके अलावा दो परीक्षा केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी तय की गई है।

सभी अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक जांच भी की जाएगी, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़े को रोका जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।

गलत उत्तर पर कटेंगे अंक

बीएड प्रवेश परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक दिए जाएंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर कुल अंक का एक तिहाई हिस्सा काट लिया जाएगा। वहीं जिन प्रश्नों का जवाब नहीं दिया जाएगा, उन पर कोई अंक नहीं मिलेगा।

विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे केवल उन्हीं सवालों का जवाब दें, जिनके बारे में उन्हें पूरी तरह भरोसा हो। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा के लिए 29 मई को अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।

Leave a comment