UP Scholarship 2026-27 के पोस्ट मैट्रिक आवेदन की अंतिम तिथियां नजदीक हैं। रिन्यूअल छात्रों को 15 अक्टूबर से पहले आवेदन पूरा करना होगा, जबकि फ्रेश छात्र 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आवेदन के बाद हार्ड कॉपी भी जमा करनी होगी।
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश समाज कल्याण विभाग की ओर से पोस्ट मैट्रिक (दशमोत्तर-11 एवं 12 के अतिरिक्त) स्कॉलरशिप 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन और संस्थान में हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तारीखें नजदीक हैं। ऐसे में पात्र छात्र बिना अंतिम दिन का इंतजार किए अपना फॉर्म जल्द पूरा कर लें। अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने से आवेदन करने में तकनीकी परेशानी आ सकती है।
UP Scholarship 2026-27 की महत्वपूर्ण तारीखें
UP Scholarship के रिन्यूअल आवेदन करने वाले छात्रों को 15 अक्टूबर 2026 से पहले ऑनलाइन फॉर्म रिन्यू करना होगा। आवेदन के दौरान सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद इसकी हार्ड कॉपी संबंधित कॉलेज में जमा करनी होगी।

वहीं फ्रेश आवेदन करने वाले छात्रों के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद छात्र 2 नवंबर 2026 तक फॉर्म का प्रिंटआउट निकाल सकेंगे। इसके बाद संबंधित संस्थान में हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तारीख 4 नवंबर 2026 है।
इसलिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के साथ संस्थान में दस्तावेज जमा करने की समयसीमा का भी ध्यान रखना जरूरी है।
कैसे करें UP Scholarship के लिए आवेदन?
UP Scholarship के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को सबसे पहले आधिकारिक स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाना होगा। वहां पोस्ट मैट्रिक रजिस्ट्रेशन के विकल्प पर क्लिक करके पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
रजिस्ट्रेशन के बाद मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर उसका प्रिंटआउट निकालना होगा।
छात्र को फॉर्म की हार्ड कॉपी और आवश्यक दस्तावेज संबंधित स्कूल या कॉलेज में जमा करने होंगे। खास बात यह है कि स्कॉलरशिप फॉर्म भरने के लिए किसी तरह की आवेदन फीस नहीं ली जा रही है।
कौन छात्र कर सकते हैं आवेदन?
इस स्कॉलरशिप के लिए छात्र का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना और राज्य में अध्ययनरत होना जरूरी है। आय संबंधी पात्रता भी निर्धारित की गई है।
सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए वार्षिक आय सीमा 2 लाख रुपये निर्धारित है। अस्वच्छ पेशे से जुड़े आवेदकों के लिए वार्षिक आय की कोई सीमा नहीं बताई गई है।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
स्कॉलरशिप आवेदन के लिए छात्रों को आधार कार्ड या पैन कार्ड, आय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पिछले वर्ष की मार्कशीट जैसे दस्तावेज तैयार रखने चाहिए।
इसके अलावा फीस की रसीद, बैंक पासबुक की स्कैन कॉपी, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), पासपोर्ट साइज फोटो और नामांकन संख्या की भी जरूरत होगी। आवेदन से पहले सभी दस्तावेजों में नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण सही होने की जांच कर लेना बेहतर रहेगा।
UP Scholarship 2026-27 की आधिकारिक वेबसाइट: scholarship.up.gov.in











