राष्ट्रपति Donald Trump के टैरिफ आदेशों पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने ट्रंप प्रशासन को बड़ा कानूनी झटका दिया है। हालांकि बदले हालात में अमेरिका के वित्त मंत्री Scott Besant ने स्पष्ट किया कि अदालत ने केवल IEEPA के तहत टैरिफ लगाने के अधिकार पर रोक लगाई है।
World News: अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन के ग्लोबल टैरिफ आदेश को अवैध घोषित कर दिया है, जिससे अमेरिकी व्यापार नीतियों और वैश्विक निर्यात पर नई बहस तेज हो गई है। कोर्ट ने विशेष रूप से कहा कि इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट (IEEPA) के तहत आयात टैरिफ लगाने का अधिकार राष्ट्रपति के पास नहीं है, क्योंकि यह शक्ति संविधान के तहत केवल कांग्रेस को दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट का 6-3 बहुमत निर्णय
सुप्रीम कोर्ट ने 6-3 के बहुमत से निर्णय सुनाया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने 1977 के IEEPA कानून का इस्तेमाल करके बड़े पैमाने पर आयात टैरिफ लगाने का अधिकार अतिक्रमण किया। अदालत के अनुसार, IEEPA का उद्देश्य आपातकालीन आर्थिक प्रतिबंध और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों पर अंकुश लगाना है, न कि टैरिफ के माध्यम से सरकारी राजस्व जुटाना।
इस फैसले के बाद ट्रंप प्रशासन ने तुरंत 10% ग्लोबल टैरिफ लागू करने की घोषणा की और कहा कि वह 1974 के ट्रेड एक्ट के सेक्शन 122 के तहत कार्यवाही करेंगे। यह प्रावधान राष्ट्रपति को 150 दिनों के लिए 15% तक अस्थायी आयात अधिभार लगाने की अनुमति देता है।
![]()
ट्रंप प्रशासन का नया रास्ता
वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला केवल IEEPA के उपयोग को रोकता है, न कि पूरे टैरिफ नीति को। उन्होंने डलास इकोनॉमिक क्लब में कहा, सुप्रीम कोर्ट ने यह नहीं कहा कि टैरिफ अवैध है। छह जजों ने केवल यह कहा कि IEEPA का इस्तेमाल रेवेन्यू जुटाने के लिए नहीं किया जा सकता।
इसके लिए प्रशासन अब सेक्शन 232 और सेक्शन 301 जैसी वैध कानूनी शक्तियों का सहारा लेगा। बेसेंट ने कहा कि इससे 2026 में टैरिफ रेवेन्यू में लगभग कोई बदलाव नहीं आएगा।
IEEPA क्या है?
IEEPA (International Emergency Economic Powers Act) 1977 में अमेरिकी संघीय कानून के रूप में लागू हुआ। इसका उद्देश्य राष्ट्रपति को “नेशनल इमरजेंसी” की स्थिति में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक लेनदेन नियंत्रित करने का अधिकार देना है। IEEPA के तहत राष्ट्रपति:
- आर्थिक प्रतिबंध (Sanctions) लगा सकते हैं
- विदेशी संपत्तियों को फ्रीज कर सकते हैं
- राष्ट्रीय सुरक्षा खतरे वाले देशों या संस्थाओं के साथ व्यापार पर रोक लगा सकते हैं
लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस के अनुसार, यह कानून 1976 के नेशनल इमरजेंसी एक्ट के बाद पारित किया गया था, ताकि राष्ट्रपति की आपातकालीन शक्तियों को सीमित और परिभाषित किया जा सके। IEEPA का इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने अब तक 77 बार किया है। इसका पहला बड़ा उपयोग तत्कालीन राष्ट्रपति जिमी कार्टर ने 1979 में ईरान बंधक संकट के दौरान किया, जब ईरानी सरकारी संपत्तियों को अमेरिका में फ्रीज किया गया। इसके बाद इसे अक्सर विदेशी सरकारों, आतंकवादी संगठनों और राष्ट्रीय सुरक्षा खतरों पर नियंत्रण के लिए अपनाया गया।









