उत्तराखंड को मिला 'Best State for Promotion of Aviation Ecosystem' का पुरस्कार, CM धामी ने जताई खुशी

उत्तराखंड को ‘Best State for Promotion of Aviation Ecosystem’ का पुरस्कार मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और राज्य में विमानन

अंतरराष्ट्रीय विमानन सम्मेलन एवं प्रदर्शनी Wings India 2026 में उत्तराखंड को “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” का प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Wings India 2026: हैदराबाद में आयोजित Wings India 2026 कार्यक्रम में उत्तराखंड को “Best State for Promotion of Aviation Ecosystem” के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार राज्य सरकार के विमानन क्षेत्र में किए गए सतत प्रयासों, नीति समर्थन और समग्र एविएशन इकोसिस्टम के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में किए गए प्रयासों और नीति निर्माण का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करना, विशेषकर पर्वतीय और दूरदराज के क्षेत्रों में, राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।

हैदराबाद में भव्य आयोजन

यह पुरस्कार बेगमपेट एयरपोर्ट, हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) के सचिव समीर कुमार सिन्हा द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के सचिव सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय सिंह टोलिया और हेड ऑफ ऑपरेशंस कैप्टन अमित शर्मा भी उपस्थित रहे।

Wings India भारत का प्रमुख विमानन मंच है, जिसमें देश-विदेश के नीति निर्माता, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और विमानन क्षेत्र से जुड़े हितधारक भाग लेते हैं। इस मंच पर उत्तराखंड को प्राप्त यह सम्मान न केवल राज्य के लिए गौरव का विषय है बल्कि भविष्य में निवेश और विकास के नए अवसर भी खोलेगा।

उत्तराखंड की विमानन नीति का पुरस्कार से सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा,

'यह पुरस्कार उत्तराखंड की समग्र विमानन नीति, बेहतर प्रशासनिक समन्वय और प्रदेश में हवाई संपर्क को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ना हमारी प्राथमिकता रही है, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिला है बल्कि आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।'

धामी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि उड़ान योजना का सफल क्रियान्वयन और आधुनिक विमानन अवसंरचना के विकास ने उत्तराखंड को एक उभरते विमानन हब के रूप में स्थापित किया है।

पर्यटन और आपदा प्रबंधन में विमानन का योगदान

उत्तराखंड, जो हिमालयी और पर्वतीय क्षेत्रों के लिए जाना जाता है, वहां हवाई संपर्क को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक था। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई कनेक्टिविटी ने राज्य में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन में नए आयाम जोड़े हैं। राज्य के दुर्गम इलाकों में आपदा या आपातकालीन स्थितियों में हवाई मार्ग से राहत सामग्री और सेवाओं का त्वरित वितरण संभव हुआ है।

इसके अलावा, पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति मिली है। सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार ने हवाई संपर्क के माध्यम से स्थानीय उद्योगों और पर्यटन स्थलों को वैश्विक स्तर पर जोड़ने की पहल की है, जिससे रोजगार और निवेश दोनों को बढ़ावा मिला है।

Leave a comment