मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि मनरेगा एक क्रांतिकारी कानून था, जिसने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजदूरों को बड़ा सहारा दिया। पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लाई गई नई योजना ने व्यावहारिक रूप से मनरेगा को खत्म कर दिया है।
नई दिल्ली: केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाए गए नए ग्रामीण रोजगार कानून ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट, 2025’ (VB-G RAM G) को लेकर कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि इस नए कानून ने ऐतिहासिक ग्रामीण रोजगार योजना मनरेगा (MGNREGA) को वस्तुतः खत्म कर दिया है और यह गरीबों के हितों के खिलाफ है।
पार्टी ने इसे सत्ता के केंद्रीकरण की कोशिश बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण रोजगार का कानूनी अधिकार कमजोर होगा। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोमवार को इस मुद्दे पर विस्तृत बयान देते हुए मनरेगा की उपलब्धियां गिनाईं और नए कानून की खामियां बताईं।
जयराम रमेश ने मनरेगा के 20 साल पूरे होने का किया जिक्र
जयराम रमेश ने कहा कि ठीक 20 साल पहले इसी दिन महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (MGNREGA) की शुरुआत हुई थी। इसे आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के बदनपल्ली गांव से लॉन्च किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए बताया कि चीमाला पेडक्का, जो एक दलित महिला थीं, मनरेगा की पहली जॉब कार्ड धारक बनी थीं। रमेश ने कहा कि पिछले दो दशकों में मनरेगा ने ग्रामीण भारत में अभूतपूर्व बदलाव लाए हैं। उनके मुताबिक:
- इस योजना के तहत 180 करोड़ से अधिक कार्यदिवस सृजित किए गए।
- करीब 10 करोड़ सामुदायिक संपत्तियां बनाई गईं, जिनमें तालाब, सड़कें, सिंचाई ढांचे और जल संरक्षण परियोजनाएं शामिल हैं।
- ग्रामीण क्षेत्रों से मजबूरी में होने वाले पलायन में बड़ी कमी आई।
- ग्राम पंचायतों को अधिक अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता मिली।
- ग्रामीण मजदूरी दरों में वृद्धि हुई।
डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) की शुरुआत भी मनरेगा के जरिए ही हुई।
![]()
‘मनरेगा अधिकार था, नई योजना केवल योजना’
जयराम रमेश ने जोर देकर कहा कि मनरेगा सिर्फ एक सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि कानूनी अधिकार था। यह संविधान के अनुच्छेद 41 से प्रेरित था, जिसमें काम के अधिकार की बात की गई है। उन्होंने बताया कि मनरेगा में:
- नागरिक जब भी काम मांगते थे, उन्हें काम देना अनिवार्य था।
- परियोजनाओं का चयन ग्राम पंचायत स्तर पर होता था।
- राज्यों को कुल खर्च का केवल 10 प्रतिशत वहन करना पड़ता था।
योजना की निगरानी ग्राम सभा और CAG (कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) द्वारा की जाती थी।
कांग्रेस का आरोप: नई योजना सत्ता का केंद्रीकरण करती है
जयराम रमेश ने दावा किया कि नया VB-G RAM G कानून पूरी शक्ति नई दिल्ली में केंद्रित कर देता है। उनके मुताबिक:
- अब यह केंद्र सरकार तय करेगी कि किन जिलों में काम मिलेगा।
- काम लोगों की मांग पर नहीं, बल्कि सरकार के बजट आवंटन पर निर्भर करेगा।
- हर साल खेती के व्यस्त सीजन में दो महीने के लिए काम पूरी तरह बंद रहेगा।
- इससे मजदूरों की मोलभाव की ताकत कमजोर होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नई व्यवस्था में पंचायतों को हाशिये पर डाल दिया गया है, जबकि मनरेगा में वे केंद्र में थीं। कांग्रेस का सबसे बड़ा आरोप यह है कि नए कानून में राज्यों को 40 प्रतिशत खर्च उठाना होगा, जबकि पहले यह सिर्फ 10 प्रतिशत था। जयराम रमेश ने कहा कि अधिकांश राज्यों की वित्तीय स्थिति पहले से ही खराब है, ऐसे में वे इतना बड़ा बोझ नहीं उठा पाएंगे।











