पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर करण औजला इन दिनों निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन पर लगे चीटिंग और सीक्रेट रिलेशनशिप के आरोपों ने सोशल मीडिया पर काफी हलचल मचा दी थी।
एंटरटेनमेंट न्यूज़: सिंगर करण औजला हाल ही में सुर्खियों में आए थे, जब अमेरिका की आर्टिस्ट और रैपर मिस गोरी ने आरोप लगाया कि 2023 में पलक औजला से शादी के बाद भी वह उनके साथ सीक्रेट रिलेशनशिप में थे। इसके बाद एक ऑस्ट्रेलियाई सेलिब्रिटी डीजे ने भी दावा किया कि सिंगर उन्हें भी मैसेज करते थे।
हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच करण को अपनी पत्नी पलक का पूरा समर्थन मिल रहा है। अब सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें करण अपनी पत्नी के साथ विवादों से दूर क्वालिटी टाइम बिताते दिखाई दे रहे हैं।
विवादों से दूर साथ दिखे करण-पलक
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो से साफ है कि करण औजला और पलक औजला इन आरोपों के बावजूद एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े हैं। पलक औजला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ स्टोरीज शेयर की हैं। एक वीडियो में वह घोड़े के साथ नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी स्टोरी में उन्होंने करण औजला की तस्वीर साझा की है। इन पोस्ट्स से यह संकेत मिलता है कि कपल विवादों से दूरी बनाकर साथ में समय बिता रहा है।
हालांकि, अब तक न करण औजला और न ही पलक औजला ने इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान दिया है। लेकिन सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी और साथ दिखना यह जाहिर करता है कि इन आरोपों का उनके रिश्ते पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।

क्या हैं करण औजला पर लगे आरोप?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब अमेरिका में रहने वाली एक आर्टिस्ट और रैपर मिस गोरी ने करण औजला पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि करण औजला ने 2023 में पलक औजला से शादी करने के बाद भी उनके साथ एक सीक्रेट रिलेशनशिप रखा। मिस गोरी ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
अपने पोस्ट में मिस गोरी ने लिखा कि इस मामले को लेकर कनाडा और अमेरिका की पुलिस भी स्थिति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठे आपराधिक आरोप फैलाए गए, जिन्हें पश्चिमी देशों में वायरल किया गया, जबकि भारत में इस मुद्दे को दबा दिया गया। उन्होंने यह दावा भी किया कि एक बड़ा अमेरिकी मीडिया हाउस उनका इंटरव्यू लेने की तैयारी कर रहा है, जिसमें वह पहली बार खुलकर अपनी कहानी साझा करेंगी।
ऑस्ट्रेलियाई डीजे के दावे से बढ़ा विवाद
मिस गोरी के आरोपों के बाद यह मामला और तूल पकड़ गया, जब एक ऑस्ट्रेलियाई सेलिब्रिटी डीजे (djswanmusik) ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि करण औजला उन्हें डायरेक्ट मैसेज भेजते थे। इसके बाद कुछ अन्य महिलाओं ने भी इसी तरह के दावे किए, जिससे सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई।
इन आरोपों के सामने आने के बाद करण औजला को सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
जहां एक तरफ उनके फैंस उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं और आरोपों को बेबुनियाद बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स उन्हें ट्रोल भी कर रहे हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर करण औजला से जुड़े हैशटैग ट्रेंड करते नजर आए।










