सोमवार से संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें पहले ही कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तकरार देखने को मिल रही है। इसके अलावा संसद में 'वंदे मातरम' और 'जय हिंद' को लेकर भी हंगामा होने की संभावना है।
Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां पहले ही जोर पकड़ने लगी हैं। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) दोनों ही दल वंदे मातरम को लेकर राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, सोमवार से शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में भी दोनों दल आमने-सामने नजर आ सकते हैं।
राज्यसभा सचिवालय ने 24 नवंबर को जारी बुलेटिन में सांसदों से कहा है कि ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ जैसे नारे संसद में न लगाए जाएं। इस आदेश के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। विपक्ष ने भाजपा समर्थित केंद्र सरकार पर स्वतंत्रता प्रतीकों से असहज होने का आरोप लगाया है। बुलेटिन में सांसदों को याद दिलाया गया है कि सदन की कार्यवाही के दौरान ‘धन्यवाद, थैंक यू, जय हिंद, वंदे मातरम’ या किसी भी अन्य तरह के नारे नहीं लगाए जाने चाहिए। इसका उद्देश्य सदन की गंभीरता और मर्यादा बनाए रखना बताया गया है। हालांकि इस निर्देश को लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है।
ममता बनर्जी ने केंद्र पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस आदेश पर केंद्र सरकार को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा,
'हम जय बांग्ला, बांग्ला में बोलते हैं और वंदे मातरम कहते हैं। यह हमारा राष्ट्रगीत और आजादी का नारा है। जिस नारे से हमारे स्वतंत्रता सेनानी लड़े, उससे कोई टकराएगा, तो वह चूर-चूर हो जाएगा।'
TMC ने इसके जवाब में राज्य के सभी सरकारी और सरकार से सहायता प्राप्त स्कूलों में ‘बांग्लार माटी, बांग्लार जोल’ गीत के गायन को अनिवार्य कर दिया है। इसे अब राज्य गीत का दर्जा दिया गया है।
![]()
भाजपा ने 150 साल का जश्न मनाया
भाजपा ने 7 नवंबर को राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने पर राज्य में कई जगह सामूहिक गायन का आयोजन किया। पार्टी ने इसे बंगाली संस्कृति और अस्मिता से जोड़कर पेश किया। इतिहास में यह गीत बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा लिखा गया और रवींद्रनाथ टैगोर द्वारा गाया गया। यह न केवल 1905 के बंगाल विभाजन का प्रतीक बना, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की आवाज भी बन गया।
इस बीच अली मदानि ने कहा कि किसी भी नारे या गीत को किसी विशेष समुदाय पर थोपना गलत है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि वंदे मातरम के कुछ अंश हटाने को विभाजन से जोड़ना भ्रामक है। संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने रविवार को सर्वदलीय बैठक के बाद कहा, वंदे मातरम हमारे स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बंकिमचंद्र चटर्जी ने इसे 150 साल पहले लिखा। यह कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। अगर चर्चा करनी हो तो इसे सभी दलों के सामने उठाया जाएगा।
राजनीतिक टकराव
एक दिन पहले भाजपा नेता अमित मालवीय ने कांग्रेस और TMC पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में जारी निर्देश को लेकर दोनों दल जिस तरह विरोध कर रहे हैं, वह पूरी तरह ‘राजनीतिक नौटंकी’ है। मालवीय ने स्पष्ट किया कि यह नियम दशकों से लागू है और किसी सरकार की ओर से नहीं, बल्कि लोकसभा और राज्यसभा के पीठासीन अधिकारियों द्वारा बनाये गए हैं।
BJP इसे चुनावी रणनीति के रूप में उपयोग कर राज्य में राष्ट्रीय प्रतीकों के समर्थन और सांस्कृतिक अस्मिता को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। वहीं, TMC इसे अपनी पहचान और बंगाली अस्मिता के बचाव के तौर पर पेश कर रही है।












