दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई राज्यों से विदा हो चुका है, लेकिन मौसम में बदलाव के चलते कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को कई राज्यों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
Weather Today: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है, लेकिन मौसम में बदलाव के कारण कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों से वापस लौट चुका है। हालांकि, नए मौसम तंत्र के प्रभाव से दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ हिमालयी राज्यों में भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, माहे और कराईकल में 8 से 10 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 13 अक्टूबर के दौरान बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में भी आज कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी
पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में सामान्य तौर पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पंजाब में 9 और 10 अक्टूबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 और 9 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश

मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 और 9 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 8 से 13 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी मौसम बदलने और बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
महाराष्ट्र और इन इलाकों से जल्द विदा होगा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का सिलसिला आगे बढ़ रहा है। IMD के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना तथा उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक के कुछ इलाकों से मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है। इसका मतलब है कि इन क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून का प्रभाव जल्द समाप्त होने की संभावना है। हालांकि, मानसून की वापसी के बावजूद स्थानीय मौसम प्रणालियों के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शहर के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। शुक्रवार को भी दिल्ली में मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है।
सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और आंधी की स्थिति बन सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।













