देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ समेत कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से उत्तर, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के साथ दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ समेत कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के साथ दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।
पर्वतीय राज्यों में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की स्थिति भी बन सकती है। वहीं, राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को बादल छाए रहने तथा हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मौसम आंशिक रूप से बादल वाला रह सकता है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि, बारिश के बावजूद तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री, लोधी रोड में 24.1 डिग्री, रिज में 21.5 डिग्री और आयानगर में 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले दिनों में दिल्ली-NCR के मौसम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर से उत्तराखंड तक बारिश और बर्फबारी
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 6 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में 6 से 9 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 6 से 11 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी किया है। 6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश और तेज गर्जना हो सकती है। कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी है। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम और ज्यादा बदल सकता है।
6 से 8 अक्टूबर के बीच करीब 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं 9 से 11 अक्टूबर के दौरान करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फ गिर सकती है।
मध्य भारत में भी बारिश के आसार
मध्य भारत में छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 6 से 10 अक्टूबर तक बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 6 से 9 अक्टूबर के बीच गरज-चमक भी हो सकती है। विदर्भ में 6 और 7 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 10 और 11 अक्टूबर को बारिश होने का अनुमान है। स्थानीय स्तर पर मौसम की तीव्रता अलग-अलग हो सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी असर
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश और आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 9 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।












