Women’s Asia Cup 2026 से पहले भारत को बड़ा झटका, हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स ‘द हंड्रेड’ से बाहर

Women’s Asia Cup 2026: एशिया कप से पहले भारत को झटका लगा है। हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स ‘द हंड्रेड’ से बाहर हो गई हैं, जिससे उनकी फिटनेस पर नजर

भारत की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी फ्रेंचाइजी सदर्न ब्रेव ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड में टूर्नामेंट के दौरान 25 वर्षीय जेमिमा को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी, जिसके चलते उन्हें प्रतियोगिता से हटना पड़ा।

Jemimah Rodrigues Injury: महिला एशिया कप 2026 से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम को झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इंग्लैंड के ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी फ्रेंचाइजी सदर्न ब्रेव ने शनिवार को उनके टूर्नामेंट से हटने की जानकारी दी। जेमिमा रोड्रिग्स को इंग्लैंड में टूर्नामेंट के दौरान चोट लगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी हैमस्ट्रिंग में समस्या आई है। 

चोट की गंभीरता और मैदान पर उनकी वापसी का समय अभी स्पष्ट नहीं है। ऐसे में भारतीय टीम प्रबंधन की नजर उनकी फिटनेस पर बनी रहेगी, क्योंकि महिला एशिया कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा समय नहीं बचा है।

सदर्न ब्रेव ने टीम में किया बदलाव

जेमिमा रोड्रिग्स सदर्न ब्रेव की बल्लेबाजी लाइन-अप का अहम हिस्सा थीं। उन्होंने टूर्नामेंट में टीम के लिए छह पारियों में 143 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 35.75 और स्ट्राइक रेट 131.19 रहा। रोड्रिग्स के बाहर होने के बाद सदर्न ब्रेव ने उनकी जगह ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है। 

भारतीय बल्लेबाज के लिए यह सीजन व्यक्तिगत रूप से भी अच्छा जा रहा था, इसलिए चोट के कारण प्रतियोगिता से बाहर होना उनके लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जेमिमा समय रहते फिट होकर भारत के लिए महिला एशिया कप में मैदान पर उतर पाएंगी।

एशिया कप से पहले फिटनेस पर नजर

महिला टी20 एशिया कप 2026 का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात में किया जाएगा। भारत को टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ खेलना है। जेमिमा के पास चोट से उबरने और मैच फिटनेस हासिल करने के लिए एक महीने से भी कम समय है। हैमस्ट्रिंग चोट में वापसी का समय उसकी गंभीरता और खिलाड़ी की रिकवरी पर निर्भर करता है। इसलिए भारतीय टीम मैनेजमेंट जल्दबाजी के बजाय उनकी पूरी फिटनेस को प्राथमिकता दे सकता है।

अगर जेमिमा समय पर फिट नहीं होती हैं, तो चयनकर्ता भारतीय टी20 टीम में विकल्प के तौर पर यास्तिका भाटिया और प्रतिका रावल के नाम पर विचार कर सकते हैं।

8 टीमों के बीच होगा मुकाबला

महिला एशिया कप 2026 में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का आयोजन दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में किया जाएगा। सभी टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग चीन को रखा गया है, जबकि ग्रुप B में श्रीलंका, बांग्लादेश, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 10 और 11 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 13 सितंबर को होगा।

भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला 5 सितंबर को खेला जाएगा। इसके अलावा भारत 30 अगस्त को थाईलैंड और 3 सितंबर को हांगकांग चीन के खिलाफ मैदान पर उतरेगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में पिछली हार का हिसाब भी चुकता करना चाहेगी। 2024 में आयोजित महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका ने भारत को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

Leave a comment